Movie prime

वरुण धवन: संघर्ष से मिली पहचान, जानें कैसे बने बॉलीवुड के चहेते सितारे

वरुण धवन, बॉलीवुड के चहेते सितारे, ने अपने पिता डेविड धवन के नाम के बिना फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाई। संघर्ष और मेहनत से भरी उनकी कहानी, जो न केवल प्रेरणादायक है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि कैसे उन्होंने सहायक निर्देशक के रूप में शुरुआत की और फिर 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' से एक सफल करियर की ओर कदम बढ़ाया। जानें उनकी निजी जिंदगी और शादी के बारे में भी।
 
वरुण धवन: संघर्ष से मिली पहचान, जानें कैसे बने बॉलीवुड के चहेते सितारे

वरुण धवन का सफर


मुंबई, 23 अप्रैल। हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में कई ऐसे कलाकार हैं, जिन्हें परिवार से फिल्मी पृष्ठभूमि मिली, लेकिन अपनी पहचान बनाने के लिए उन्हें कड़ी मेहनत करनी पड़ी। बॉलीवुड अभिनेता वरुण धवन की कहानी भी इसी तरह की है। प्रसिद्ध निर्देशक डेविड धवन के बेटे होने के बावजूद, वरुण के लिए फिल्म इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाना आसान नहीं था।


कहा जाता है कि डेविड धवन चाहते थे कि उनका बेटा अपनी मेहनत से आगे बढ़े और खुद को साबित करे। इसी कारण उन्होंने वरुण को अपने बैनर से लॉन्च नहीं किया। आज वरुण धवन उन कलाकारों में से एक हैं जिन्होंने मेहनत और लगन के बल पर बॉलीवुड में अपनी एक खास पहचान बनाई है।


24 अप्रैल 1987 को मुंबई में जन्मे वरुण धवन का पालन-पोषण एक फिल्मी माहौल में हुआ। उनके पिता, डेविड धवन, हिंदी सिनेमा के प्रमुख निर्देशकों में से एक हैं, जिन्होंने कई हिट फिल्में बनाई हैं। उनके बड़े भाई रोहित धवन भी एक निर्देशक हैं। घर में हमेशा बड़े कलाकारों का आना-जाना लगा रहता था, जिससे वरुण का झुकाव भी फिल्मों की ओर बढ़ा। उनके पिता ने चाहा कि वह पहले अपनी पढ़ाई पूरी करें। वरुण ने मुंबई में अपनी पढ़ाई के बाद इंग्लैंड की नॉटिंघम ट्रेंट यूनिवर्सिटी से बिजनेस मैनेजमेंट की डिग्री हासिल की।


पढ़ाई पूरी करने के बाद वरुण भारत लौट आए। उस समय सभी को उम्मीद थी कि डेविड धवन अपने बेटे को बड़े स्तर पर लॉन्च करेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। डेविड ने स्पष्ट किया कि वरुण को खुद मेहनत करनी होगी। इसीलिए वरुण ने फिल्मों में सीधे अभिनेता बनने के बजाय सहायक निर्देशक के रूप में शुरुआत की। उन्होंने 'माई नेम इज खान' में करण जौहर के साथ असिस्टेंट डायरेक्टर के रूप में काम किया, जहां उन्होंने फिल्म निर्माण की बारीकियों को सीखा।


इसके बाद, 2012 में करण जौहर ने वरुण को 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' से लॉन्च किया। इस फिल्म में आलिया भट्ट और सिद्धार्थ मल्होत्रा भी थे। यह फिल्म बड़ी हिट साबित हुई और वरुण रातोंरात युवाओं के बीच लोकप्रिय हो गए। इसके बाद उन्होंने कई सफल फिल्मों में काम किया जैसे 'हम्प्टी शर्मा की दुल्हनियां', 'बदलापुर', 'एबीसीडी 2', 'जुड़वा 2', 'अक्टूबर' और 'सुई धागा', जहां उन्होंने विभिन्न प्रकार के किरदार निभाए। खास बात यह है कि उन्होंने न केवल कॉमेडी बल्कि गंभीर भूमिकाओं में भी अपनी अभिनय क्षमता को साबित किया।


वरुण धवन ने अपने करियर में कई हिट फिल्में दी हैं। एक समय ऐसा आया जब उनकी लगातार 11 फिल्में सफल रहीं, जिसने उन्हें बॉलीवुड के बड़े सितारों की कतार में खड़ा कर दिया। उनकी एक्टिंग के लिए उन्हें कई बड़े पुरस्कारों में नामांकन भी मिले।


उनकी निजी जिंदगी भी हमेशा चर्चा का विषय रही है। वरुण ने अपनी बचपन की दोस्त नताशा दलाल से शादी की। दोनों लंबे समय तक एक-दूसरे के साथ रहे और 2021 में शादी के बंधन में बंध गए।


OTT