रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग: पांच आरोपी पुलिस कस्टडी में, मुख्य आरोपी अब भी फरार!
रोहित शेट्टी फायरिंग केस में पुलिस की बड़ी कार्रवाई
मुंबई, 5 फरवरी। फिल्म निर्माता और निर्देशक रोहित शेट्टी के निवास के बाहर हुई फायरिंग के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है। अदालत ने गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों को 11 फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया है।
इन आरोपियों में स्वप्निल बंडू सकट, सिद्धार्थ दीपक येनपुरे, समर्थ शिवशरण पोमाजी, आदित्य ज्ञानेश्वर गायकी और आशाराम फासले शामिल हैं। पुलिस ने अदालत को बताया कि स्वप्निल के घर से एक पिस्टल, एक एयर गन और तीन मैगजीन बरामद की गई हैं। वहीं, आशाराम फासले के पास तीन पिस्टल मिली हैं।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपियों ने अपने फोन से सिग्नल ऐप को हटा दिया था। पुलिस को चैट रिकवर करने और अन्य सबूत इकट्ठा करने के लिए लंबी हिरासत की आवश्यकता है। क्राइम ब्रांच ने मुख्य आरोपी शुभम लोनकर को अब भी फरार बताया है और उसकी तलाश जारी है।
बचाव पक्ष के वकीलों का कहना है कि सिद्धार्थ, समर्थ और आदित्य का काम केवल गाड़ी उपलब्ध कराना था।
वकील ने कहा, "गाड़ी सौंपने के बाद क्या हुआ, हमें इसकी जानकारी नहीं है। चार दिन की पुलिस हिरासत काफी है।" पुलिस ने जवाब दिया कि आरोपियों के फोन पहले से उनके पास हैं, लेकिन चैट और डिजिटल सबूतों की गहन जांच के लिए और समय चाहिए।
पुलिस का कहना है कि बिना हिरासत के महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त करना मुश्किल होगा।
रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित घर के बाहर देर रात फायरिंग की गई थी। घटना के बाद, रोहित शेट्टी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। हालांकि, उन्होंने पुलिस को बताया कि उन्हें किसी भी प्रकार की धमकी भरी कॉल या संदेश नहीं मिला है।
क्राइम ब्रांच की टीम अब मुख्य आरोपी शुभम लोनकर को पकड़ने और पूरे मामले की साजिश का पता लगाने में जुटी हुई है। क्राइम ब्रांच की कई टीमें देश के विभिन्न हिस्सों में शूटर की तलाश कर रही हैं।
.png)