रितेश देशमुख ने 'राजा शिवाजी' के लिए संतोष सिवन को किया धन्यवाद, साझा की खास यादें
रितेश देशमुख का संतोष सिवन के प्रति आभार
मुंबई, 28 मई। अभिनेता रितेश देशमुख वर्तमान में अपनी फिल्म 'राजा शिवाजी' को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में, उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर सिनेमैटोग्राफर संतोष सिवन के प्रति आभार व्यक्त किया और उनके साथ काम करने के अनुभव को साझा किया।
रितेश ने संतोष सिवन के साथ अपने अनुभव को शानदार बताते हुए फिल्म में उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने शूटिंग के दौरान की कुछ तस्वीरें साझा कीं, जिनमें संतोष सिवन रितेश और उनकी पत्नी जेनेलिया को सीन समझाते हुए नजर आ रहे हैं। इन तस्वीरों में फिल्म की पूरी टीम भी शामिल है।
अभिनेता ने लिखा, "प्रिय संतोष सिवन सर, आपने शुरुआत से ही मेरे सपने को अपने सपने की तरह प्यार और विश्वास के साथ संभाला है। आपके इस भरोसे ने मेरी जिंदगी को बदल दिया। आपकी वजह से मुझे बड़े कदम उठाने का हौसला मिला।"
उन्होंने संतोष सिवन पर विश्वास जताते हुए कहा, "मुझे हमेशा यकीन रहा है कि अगर मैं किसी मुश्किल में फंस गया, तो आपका अनुभव और मार्गदर्शन मुझे सही रास्ता दिखाएगा। कई बार जिम्मेदारियों का बोझ भारी लगा, लेकिन यह सोचकर हिम्मत मिली कि मैं इस सफर में अकेला नहीं हूं। आपने हमारी फिल्म 'राजा शिवाजी' को खास और जीवंत बना दिया।"
रितेश ने आगे कहा, "आप मेरे गुरु, मार्गदर्शक और प्रेरणा स्रोत रहे हैं। आपके लिए मेरे दिल में बहुत प्यार और सम्मान है। आपके सहयोग के लिए मैं हमेशा आभारी रहूंगा।"
संतोष सिवन ने रितेश देशमुख द्वारा निर्देशित फिल्म 'राजा शिवाजी' में सिनेमेटोग्राफर के रूप में काम किया है। यह फिल्म 1 मई (महाराष्ट्र दिवस) को रिलीज हुई थी और इसने बॉक्स ऑफिस पर अभूतपूर्व सफलता हासिल की, जिससे यह एक अधिक कमाई करने वाली मराठी फिल्म बन गई।
.png)