रणबीर कपूर का नया निवेश: पुणे में खरीदी 25 एकड़ जमीन, जानें डिटेल्स!
रणबीर कपूर का बड़ा निवेश
मुंबई, 14 जुलाई। बॉलीवुड के चर्चित अभिनेता रणबीर कपूर इन दिनों अपनी आगामी फिल्मों के साथ-साथ अपने निवेश के कारण भी सुर्खियों में हैं। हाल ही में अयोध्या में जमीन खरीदने के बाद, उन्होंने पुणे जिले के पास एक और महत्वपूर्ण निवेश किया है।
उन्होंने पुणे के मुलशी तालुका में लगभग 25 एकड़ भूमि खरीदी है, जिसके लिए उन्होंने 16.42 करोड़ रुपए खर्च किए हैं।
सीआरई मैट्रिक्स के प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन दस्तावेजों के अनुसार, रणबीर ने पिंपरी गांव में चार आपस में जुड़ी हुई भूमि खरीदी हैं। यह डील 30 अप्रैल 2026 को रजिस्टर्ड हुई। इन चार प्लॉट्स का कुल क्षेत्रफल लगभग 1,04,000 वर्ग मीटर है, जो लगभग 25.7 एकड़ के बराबर है।
दस्तावेजों के अनुसार, सबसे बड़ा प्लॉट 43,800 वर्ग मीटर का है, जिसे 7.07 करोड़ रुपए में खरीदा गया। इसके अलावा, 29,900 वर्ग मीटर का दूसरा प्लॉट 4.62 करोड़ रुपए में, तीसरा प्लॉट 21,400 वर्ग मीटर का 3.31 करोड़ रुपए में और सबसे छोटा 8,900 वर्ग मीटर का प्लॉट 1.39 करोड़ रुपए में खरीदा गया। सभी चार प्लॉट एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं।
रणबीर कपूर ने इस डील पर 82.13 लाख रुपए का स्टाम्प शुल्क भी अदा किया है। हालांकि, इस निवेश को लेकर अभी तक रणबीर या उनकी टीम की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
इससे पहले, रणबीर ने अयोध्या में 'द सरयू' नामक प्रीमियम प्रोजेक्ट में लगभग 3.31 करोड़ रुपए का एक प्लॉट खरीदा था। यह प्लॉट सरयू नदी के किनारे विकसित हो रही 75 एकड़ की टाउनशिप का हिस्सा है, जिसमें आधुनिक सुविधाएं और क्लबहाउस जैसी योजनाएं शामिल हैं।
वर्कफ्रंट पर, रणबीर कपूर जल्द ही नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' में भगवान राम के किरदार में नजर आएंगे। इस फिल्म में साई पल्लवी, यश, सनी देओल और रवि दुबे जैसे कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में होंगे। फिल्म को दो भागों में रिलीज किया जाएगा, पहला भाग दीपावली 2026 और दूसरा भाग दीपावली 2027 में सिनेमाघरों में आएगा।
.png)