रकुल प्रीत ने जैकी भगनानी को 'सिचुएशनशिप' विवाद पर लगाई फटकार, जानें क्या हुआ?
सोशल मीडिया पर छाया 'सिचुएशनशिप' विवाद
मुंबई, 26 अप्रैल। आजकल के डिजिटल युग में, कभी-कभी एक साधारण इंटरव्यू में कही गई बातें इतनी तेजी से फैल जाती हैं कि उनका असली अर्थ खो जाता है। ऐसा ही कुछ निर्माता और अभिनेता जैकी भगनानी और अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह के साथ हुआ।
हाल ही में जैकी ने अपनी शादीशुदा जिंदगी के बारे में एक बयान दिया, जिसने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी। उन्होंने अपने रिश्ते को 'सिचुएशनशिप' करार दिया, जिसके बाद उन्हें ट्रोल किया जाने लगा। इस विवाद को बढ़ता देख रकुल और जैकी ने मजाकिया अंदाज में अपनी प्रतिक्रिया दी।
एक बातचीत के दौरान जैकी ने कहा, 'रकुल और मैं शादीशुदा हैं, लेकिन हमारा रिश्ता एक तरह का सिचुएशनशिप है। भगवान ने हमें एक-दूसरे के लिए बनाया है, इसलिए हमने शादी की। मैं रकुल से हर बात खुलकर कह सकता हूं। अगर मेरी कोई एक्स गर्लफ्रेंड फोन करती है, तो मैं उसे स्पीकर पर डाल देता हूं।'
जैकी के इस बयान के बाद वह लोगों के निशाने पर आ गए।
इस पर रकुल प्रीत ने इंस्टाग्राम पर एक मजेदार वीडियो साझा किया, जिसमें वह जैकी को डांटते हुए नजर आ रही हैं। वह कहती हैं, ''मैंने तुमसे कितनी बार कहा है कि हम मिलेनियल्स हैं, जेन जी की तरह अजीब शब्दों का इस्तेमाल मत करो।''
रकुल के चेहरे के हावभाव और बोलने का तरीका इतना मजेदार था कि वीडियो तेजी से वायरल हो गया।
वीडियो में जैकी भी अपनी सफाई देते हुए नजर आए। वह कान पकड़कर रकुल से माफी मांगते हैं, ''मेरा मतलब वैसा नहीं था, जैसा लोगों ने समझा।''
इस पर रकुल कहती हैं, ''मैं जानती हूं कि तुम्हारा इरादा गलत नहीं था, लेकिन अब दुनिया को भी पता होना चाहिए। कोई बात नहीं, जब लोग यह देखेंगे, तो अपने आप रुक जाएंगे।''
'सिचुएशनशिप' दो शब्दों 'सिचुएशन' और 'रिलेशनशिप' से मिलकर बना है। इसका अर्थ है एक ऐसा रिश्ता जो पूरी तरह से सिचुएशन पर निर्भर करता है। इस रिश्ते में कपल्स पर किसी प्रकार का कोई प्रेशर नहीं होता और वे भविष्य के लिए कोई योजना नहीं बनाते।
.png)