मोहनलाल की शादी की 38वीं सालगिरह: क्या है इस दिग्गज अभिनेता की प्रेम कहानी?
मोहनलाल और उनकी पत्नी सुचित्रा की प्रेम कहानी
मुंबई, 28 अप्रैल। दक्षिण भारतीय सिनेमा के प्रसिद्ध अभिनेता मोहनलाल न केवल अपने बेहतरीन अभिनय के लिए जाने जाते हैं, बल्कि उनकी साधारण जीवनशैली भी प्रशंसा का विषय है। चार दशकों से अधिक समय से फिल्म उद्योग में सक्रिय रहने वाले मोहनलाल ने हमेशा अपने पारिवारिक जीवन को मीडिया की नजरों से दूर रखा है। लेकिन जब भी वह अपनी पत्नी सुचित्रा के साथ खास लम्हे साझा करते हैं, फैंस उसे बेहद पसंद करते हैं।
हाल ही में, उन्होंने अपनी शादी की 38वीं वर्षगांठ पर एक खास तस्वीर साझा की, जिसने सभी का ध्यान खींचा।
मोहनलाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी पत्नी सुचित्रा के साथ एक खूबसूरत तस्वीर पोस्ट की, जिसमें दोनों न्यूयॉर्क हार्बर के प्रसिद्ध स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी के पास खड़े हैं। तस्वीर में दोनों के चेहरे पर खुशी की झलक साफ नजर आ रही है।
इस तस्वीर के साथ मोहनलाल ने लिखा, '38 साल की शादी के बाद भी मुझे ऐसा लगता है जैसे हमारा रिश्ता अभी शुरू हुआ है।' इस पोस्ट के बाद फैंस उन्हें शादी की सालगिरह की बधाई दे रहे हैं।
सुचित्रा, जो कि मशहूर तमिल अभिनेता और निर्माता के. बालाजी की बेटी हैं, ने पहली बार मोहनलाल को फिल्मों में देखा था और उस समय उन्हें वह पसंद नहीं आए थे। उस समय मोहनलाल खलनायक की भूमिका में थे, और उनके अभिनय ने सुचित्रा को नापसंद करने पर मजबूर कर दिया था।
हालांकि, समय के साथ उनका दृष्टिकोण बदल गया। जब उन्होंने मोहनलाल की अन्य फिल्में देखीं, तो उन्हें अभिनेता का एक नया रूप देखने को मिला। धीरे-धीरे, वह उनके अभिनय और व्यक्तित्व से प्रभावित होने लगीं। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और उनका रिश्ता आगे बढ़ा।
कहा जाता है कि एक समय ऐसा भी आया जब कुंडली न मिलने के कारण उनकी शादी रुक गई थी। परिवारों ने इस रिश्ते को आगे बढ़ाने से मना कर दिया था, लेकिन दोनों ने अपने रिश्ते को फिर से आगे बढ़ाने का निर्णय लिया और 1988 में शादी कर ली।
.png)