Movie prime

भोजपुरी सिनेमा के नायक मोहनजी प्रसाद: 'सइयां हमार' ने कैसे बदली रवि किशन की किस्मत?

मोहनजी प्रसाद, भोजपुरी सिनेमा के एक प्रमुख निर्माता, ने 'सइयां हमार' जैसी सफल फिल्मों के जरिए इस उद्योग को नई पहचान दी। उनकी फिल्म ने न केवल भोजपुरी सिनेमा को पुनर्जीवित किया, बल्कि अभिनेता रवि किशन के करियर को भी नई दिशा दी। जानें उनके योगदान और फिल्म निर्माण के सफर के बारे में।
 

भोजपुरी सिनेमा में मोहनजी प्रसाद का योगदान




मुंबई, 16 नवंबर। मोहनजी प्रसाद भोजपुरी सिनेमा के उन प्रमुख फिल्म निर्माताओं में से एक रहे हैं, जिन्होंने उस समय दर्शकों को फिर से सिनेमाघरों की ओर आकर्षित किया, जब भोजपुरी फिल्म उद्योग संकट में था। उन्होंने पारिवारिक कहानियों को पर्दे पर लाने के साथ-साथ ऐसी फिल्में बनाई, जिन्होंने भोजपुरी सिनेमा को एक नई पहचान दी। उनकी फिल्म 'सइयां हमार' ने अभिनेता रवि किशन के करियर को एक नई दिशा दी। इसके अलावा, उन्होंने हिंदी सिनेमा में भी कई पारिवारिक फिल्मों का निर्माण और निर्देशन किया।


मोहनजी प्रसाद का नाम भोजपुरी फिल्म इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। उन्होंने हिंदी, भोजपुरी और बंगाली फिल्मों में काम किया। वह केवल निर्माता नहीं, बल्कि एक निर्देशक और कहानीकार भी थे। उनकी फिल्मों में परिवार, रिश्ते और सामान्य जीवन से जुड़ी कहानियों को प्रमुखता दी गई।


हिंदी सिनेमा में उन्होंने 'बड़े घर की बेटी', 'मां बेटी' और 'घर द्वार' जैसी फिल्मों का निर्माण किया। इसके साथ ही, उन्होंने 'औरत तेरी यही कहानी', 'घर परिवार', 'दीवाना हूं पागल नहीं', 'मेघा', 'दोस्ती की सौगंध', 'फूलवती' और 'नाचे नागिन गली गली' जैसी फिल्मों का निर्देशन भी किया। इन फिल्मों में मीनाक्षी शेषाद्रि, ऋषि कपूर, राजेश खन्ना और करिश्मा कपूर जैसे कलाकारों ने काम किया। पारिवारिक कहानियों पर काम करने के बाद, उन्होंने भोजपुरी सिनेमा में भी इसी तरह की कहानियों को आगे बढ़ाया।


भोजपुरी सिनेमा के लिए उनका सबसे बड़ा योगदान 2001 में आई फिल्म 'सइयां हमार' को माना जाता है। उस समय भोजपुरी फिल्मों का कारोबार पहले जैसा नहीं रह गया था। फिल्में बन तो रही थीं, लेकिन दर्शकों के बीच उनकी पहुंच सीमित होती जा रही थी। ऐसे में मोहनजी प्रसाद ने रवि किशन के साथ 'सइयां हमार' बनाई, जिसे दर्शकों ने बहुत पसंद किया और यह सिल्वर जुबली हिट साबित हुई। फिल्म ने सिनेमाघरों में लगातार 25 हफ्ते पूरे किए।


इस फिल्म ने रवि किशन को भी बड़ा अवसर प्रदान किया। उस समय वह हिंदी फिल्मों में अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया था कि जब उनका हिंदी फिल्मों में अच्छा समय नहीं चल रहा था, तब मोहनजी प्रसाद ने उन्हें 'सइयां हमार' में काम दिया। फिल्म की सफलता के बाद उनके पास भोजपुरी फिल्मों के कई प्रस्ताव आने लगे। रवि किशन ने इसके लिए मोहनजी प्रसाद को विशेष रूप से श्रेय दिया।


इसके बाद मोहनजी प्रसाद ने भोजपुरी फिल्मों में लगातार काम किया। उनकी फिल्म 'पंडितजी बताईं ना बियाह कब होई' 2005 में रिलीज हुई और दर्शकों के बीच काफी पसंद की गई। फिल्म के नाम और इसके गानों ने भी लोगों का ध्यान खींचा। इसके अलावा, उन्होंने 'हमार भौजी', 'गंगा जइसन माई हमार', 'राम बलराम', 'सइयां से कर द मिलनवा हे राम', 'माई बाप', 'रसिक बलमा' और 'हमार सैंया हिंदुस्तानी' जैसी भोजपुरी फिल्मों से भी दर्शकों का मनोरंजन किया।


मोहनजी प्रसाद ने बंगाली सिनेमा में भी काम किया। उन्होंने 'विधातार खेला' और 'माधुरी' नाम की दो बंगाली फिल्मों का निर्माण किया था। उन्होंने विभिन्न भाषाओं में फिल्में बनाई, लेकिन भोजपुरी सिनेमा के लिए उनका योगदान सबसे ज्यादा याद किया जाता है।


17 नवंबर 2020 को सूरत में उम्र संबंधी परेशानियों के चलते उनका निधन हो गया। वह 80 वर्ष से अधिक उम्र के थे और पिछले कुछ समय से खराब स्वास्थ्य के कारण अपनी बेटी के साथ सूरत में रह रहे थे।


OTT