Movie prime

फिरोज नाडियाडवाला ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया, 'हेरा फेरी' के अधिकारों पर उठे सवाल

फिल्म निर्माता फिरोज नाडियाडवाला ने अपनी सुपरहिट फिल्म 'हेरा फेरी' के कॉपीराइट अधिकारों को लेकर धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने उनके कानूनी अधिकारों का हनन करने और उनसे पैसे वसूलने का प्रयास किया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि मूल मलयालम फिल्म के मालिकों ने अधिकारों को अवैध रूप से बेचा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानें इस विवाद की पूरी कहानी।
 
फिरोज नाडियाडवाला ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया, 'हेरा फेरी' के अधिकारों पर उठे सवाल

फिल्म निर्माता फिरोज नाडियाडवाला की शिकायत




मुंबई, 1 मई। प्रसिद्ध फिल्म निर्माता और निर्देशक फिरोज नाडियाडवाला ने अपनी चर्चित फिल्म 'हेरा फेरी' के कॉपीराइट और रिमेक अधिकारों को लेकर मुंबई के अंबोली पुलिस थाने में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि कुछ व्यक्तियों ने मिलकर उनके कानूनी अधिकारों का हनन करने और उनसे करोड़ों रुपये वसूलने का प्रयास किया।


नाडियाडवाला ने बताया कि 2000 में आई 'हेरा फेरी' फिल्म मलयालम फिल्म 'रामजी राव स्पीकिंग' (1989) पर आधारित है। उन्होंने इस कहानी के हिंदी और अन्य भाषाओं (दक्षिण भारतीय भाषाओं को छोड़कर) के रीमेक अधिकार 2000 में 'मेसर्स कॉम्पेक्ट डिस्क इंडिया लिमिटेड' के सुरेश कुमार सिंघल से 4,50,000 रुपये में खरीदे थे।


उनका कहना है कि फिल्म के रिलीज होने से केवल 7 दिन पहले कुछ लोगों ने उन पर दबाव डालकर पैसे ऐंठने की कोशिश की थी। उस समय फिल्म में भारी निवेश हो चुका था, और बदनामी व आर्थिक नुकसान के डर से उन्हें मजबूरन पैसे देने पड़े, जबकि अदालत ने उनके पक्ष में स्टे ऑर्डर जारी किया था। अब, 25 साल बाद एक नई साजिश का सामना करना पड़ रहा है।


शिकायत में उल्लेख किया गया है कि मूल मलयालम फिल्म के मालिक सिद्दीकी के.एल. और एम. पॉल माइकल ने यह जानते हुए कि अधिकार पहले ही बेचे जा चुके हैं, 12 मई 2022 को केवल 3 लाख रुपये में ये अधिकार गोपाला पिल्लई विजयकुमार (मेसर्स सेवन आर्ट्स इंटरनेशनल) को बेच दिए।


दिसंबर 2024 में नाडियाडवाला को एक कानूनी नोटिस प्राप्त हुआ, जिसमें उनकी फिल्म 'फिर हेरा फेरी' (2006) को अवैध बताया गया। विरोधी पक्ष ने उनसे 60 लाख रुपये और फिल्म से हुए कुल मुनाफे का 25 प्रतिशत हिस्सा मांग लिया।


नाडियाडवाला ने यह भी आरोप लगाया कि ये लोग उनकी कंपनी की पब्लिक लिस्टिंग प्रक्रिया में बाधा डाल रहे हैं। इसके अलावा, उन्होंने कहा कि अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और परेश रावल जैसे बड़े सितारों के नाम का गलत इस्तेमाल कर उनके खिलाफ झूठी खबरें फैलाई जा रही हैं, जिससे उनकी व्यावसायिक प्रतिष्ठा को गंभीर नुकसान हो रहा है।


पुलिस ने नाडियाडवाला की शिकायत पर गोपाला पिल्लई विजयकुमार और एम. पॉल माइकल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस मामले की गहन जांच कर रही है और जल्द ही सभी संबंधित व्यक्तियों को पूछताछ के लिए बुलाने की योजना बना रही है।


OTT