पवन मल्होत्रा: कैसे एक अभिनेता ने अपने सपनों को सच किया?
पवन मल्होत्रा का संघर्ष और सफलता
मुंबई, 1 जुलाई। पवन मल्होत्रा आज भारतीय सिनेमा के उन कलाकारों में से एक हैं, जिन्होंने अपने बेहतरीन अभिनय से दर्शकों के दिलों में एक खास स्थान बना लिया है। उनका यह सफर आसान नहीं रहा। उनके जीवन में एक ऐसा समय आया जब उन्हें परिवार की उम्मीदों और अपने सपनों के बीच एक विकल्प चुनना था। उनके पिता चाहते थे कि वह पारिवारिक व्यवसाय में शामिल हों, जबकि पवन का सपना अभिनय की दुनिया में कदम रखना था।
पवन का जन्म 2 जुलाई 1958 को दिल्ली में हुआ। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से अपनी शिक्षा पूरी की। एक बार दोस्तों के साथ थिएटर देखने जाने पर उनके अंदर अभिनय के प्रति रुचि जागी, जो धीरे-धीरे जुनून में बदल गई।
हालांकि, उनके परिवार का माहौल कुछ और था। पिता की इच्छा थी कि पवन पारिवारिक व्यवसाय को संभाले। परिवार की जिम्मेदारियों को देखते हुए उन्होंने पिता की बात मानने की कोशिश की, लेकिन उनका मन हमेशा अभिनय में लगा रहा। इस दौरान उन्होंने थिएटर में भी काम किया।
एक दिन उन्हें टीवी पर बड़ा मौका मिला और 1986 में दूरदर्शन के प्रसिद्ध धारावाहिक 'नुक्कड़' में सईद का किरदार निभाया। इस शो ने उन्हें दर्शकों के बीच लोकप्रियता दिलाई। जैसे-जैसे 'नुक्कड़' की लोकप्रियता बढ़ी, उनके पिता की सोच भी बदलने लगी। जब लोग पवन को उनके पिता के ऑफिस के बाहर देखने आने लगे, तब उन्हें एहसास हुआ कि उनका बेटा सही रास्ते पर है।
इसके बाद पवन ने कई अन्य टीवी सीरियल्स में भी काम किया और अपनी पहचान बनाई। उनका असली सफर फिल्मों से शुरू हुआ, जब उन्होंने 1984 में फिल्म 'अब आएगा मजा' से बॉलीवुड में कदम रखा। शुरुआत में उन्हें छोटे-छोटे रोल मिले, लेकिन उन्होंने हर किरदार को बेहतरीन तरीके से निभाया। 1985 की 'खामोश' और 1989 की 'बाघ बहादुर' जैसी फिल्मों ने उन्हें एक मजबूत अभिनेता के रूप में स्थापित किया।
समय के साथ, पवन ने विभिन्न प्रकार के किरदार निभाए। उन्होंने कभी पुलिस अधिकारी का रोल किया, कभी आम इंसान की भूमिका निभाई और कभी निगेटिव किरदारों से भी दर्शकों को प्रभावित किया। 'ब्लैक फ्राइडे', 'जब वी मेट', 'डॉन', 'भाग मिल्खा भाग' और 'रूस्तम' जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को काफी सराहा गया। उनकी खासियत यह है कि वह हर किरदार में पूरी तरह से ढल जाते हैं।
पवन मल्होत्रा ने ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी अपनी किस्मत आजमाई। वेब सीरीज 'ग्रहण' में उनके शांत लेकिन प्रभावशाली अभिनय को दर्शकों ने बहुत पसंद किया।
.png)