Movie prime

नुसरत भरूचा का आईपीएल वीडियो विवाद: क्या है सच?

बॉलीवुड अभिनेत्री नुसरत भरूचा ने हाल ही में एक वायरल वीडियो पर सफाई दी है, जिसमें आईपीएल फाइनल के दौरान कुछ आवाजें सुनाई दे रही थीं। नुसरत ने बताया कि यह आवाजें उनके दोस्तों के पालतू पपी की थीं। उन्होंने सोशल मीडिया पर इस विवाद को लेकर अपनी बात रखी और लोगों से अपील की कि बिना सच्चाई जाने किसी पर आरोप न लगाएं। जानें इस पूरे मामले की सच्चाई और नुसरत का क्या कहना है।
 
नुसरत भरूचा का आईपीएल वीडियो विवाद: क्या है सच?

नुसरत भरूचा का वीडियो विवाद


मुंबई, 4 जून। बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री नुसरत भरूचा इन दिनों एक वायरल वीडियो को लेकर चर्चा में हैं। यह वीडियो आईपीएल फाइनल से जुड़ा हुआ है, जिसमें कुछ आवाजें सुनाई दे रही थीं, जिसके कारण लोगों ने विभिन्न दावे करना शुरू कर दिया। अब इस पूरे मामले पर नुसरत ने खुद सफाई दी है और बताया है कि वीडियो में सुनाई देने वाली आवाजें किसकी थीं।


नुसरत ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर कई तस्वीरें और स्क्रीनशॉट साझा किए। उन्होंने लिखा, ''कुछ लोग इस मामले को जरूरत से ज्यादा बढ़ा रहे हैं। एक छोटे पपी के रोने की आवाज को लेकर इतना बड़ा विवाद खड़ा कर दिया गया। किसी ने मेरी ओर से झूठी सफाई भी जारी कर दी, जबकि मैंने ऐसा कुछ नहीं कहा था।''


अपने पोस्ट में नुसरत ने स्पष्ट किया, ''जिस दिन यह वीडियो बनाया गया, मैं अपने दोस्तों के साथ आईपीएल का फाइनल मैच देख रही थी। उसी समय दोस्तों का एक पालतू पपी रो रहा था, और वही आवाजें वीडियो में रिकॉर्ड हो गईं। मेरे एक दोस्त ने उसी समय दूसरे एंगल से एक और वीडियो बनाया था, जिसमें वही आवाजें स्पष्ट सुनाई दे रही हैं।''


इसके बाद, अभिनेत्री ने एक और वीडियो साझा किया, जिसमें वह अपने घर और पपी को दिखा रही हैं। उन्होंने बताया, ''यह वीडियो उसी रात कुछ देर बाद रिकॉर्ड किया गया था। पहले मुझे सलाह दी गई थी कि मैं अपनी पुरानी वीडियो हटा दूं, क्योंकि कुछ लोग उसका गलत मतलब निकाल सकते हैं। इसी डर से मैंने वीडियो हटा दी थी, लेकिन बाद में वही हुआ, जिसकी मुझे आशंका थी। लोगों ने बिना सच्चाई जाने तरह-तरह की बातें बनानी शुरू कर दीं।''


अभिनेत्री ने लोगों से अपील की कि मोबाइल फोन होने का मतलब यह नहीं है कि किसी को परेशान किया जाए या उसके बारे में गलत बातें फैलाई जाएं। किसी भी बात पर आंख बंद करके भरोसा करने के बजाय पहले सोचें, समझें और फिर जिम्मेदारी के साथ प्रतिक्रिया दें।


OTT