दिशा पाटनी: संघर्ष से सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचने वाली बॉलीवुड की चमकती सितारा
दिशा पाटनी की प्रेरणादायक यात्रा
मुंबई, 12 जून। बॉलीवुड की उभरती हुई अभिनेत्री दिशा पाटनी ने कम समय में अपनी एक खास पहचान बनाई है। लेकिन उनकी सफलता की कहानी उतनी सरल नहीं है, जितनी कि बाहर से नजर आती है। बहुत से लोग नहीं जानते कि उन्होंने अपने सपनों को साकार करने के लिए कितनी मेहनत की है। एक समय ऐसा भी था जब दिशा केवल 500 रुपए लेकर मुंबई आई थीं और अपने बलबूते पर इस मुकाम तक पहुंची।
दिशा का जन्म 13 जून 1992 को उत्तर प्रदेश के बरेली में हुआ। उनका परिवार उत्तराखंड के टनकपुर से संबंधित है। उनके पिता, जगदीश सिंह पाटनी, पुलिस विभाग में अधिकारी थे, जबकि उनकी मां स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत थीं। बचपन से ही दिशा पढ़ाई में अव्वल थीं और कभी अभिनेत्री बनने का ख्वाब नहीं देखा। उनका सपना एयरफोर्स पायलट या वैज्ञानिक बनने का था। उन्होंने इंजीनियरिंग और बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई की।
कॉलेज के दिनों में उनकी जिंदगी ने एक नया मोड़ लिया जब एक मित्र ने उन्हें मॉडलिंग प्रतियोगिता में भाग लेने की सलाह दी, जिसमें उन्होंने जीत हासिल की। इसके बाद उन्हें मॉडलिंग के कई अवसर मिले और धीरे-धीरे विज्ञापन जगत में उनकी पहचान बनने लगी। कैमरे के सामने अभिनय करने का अनुभव उन्हें फिल्मों में लाने में सहायक बना।
दिशा ने अपने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए एक इंटरव्यू में बताया कि वह केवल 500 रुपए लेकर मुंबई पहुंची थीं। उस समय उनके पास कोई बड़ा सहारा नहीं था। उन्होंने परिवार से आर्थिक मदद लेने के बजाय खुद मेहनत करके आगे बढ़ने का निर्णय लिया।
मुंबई जैसे बड़े शहर में रहना आसान नहीं था, लेकिन दिशा ने हार नहीं मानी। उन्होंने लगातार ऑडिशन दिए, मॉडलिंग की और अपने सपनों को साकार करने के लिए दिन-रात मेहनत की। यही संघर्ष बाद में उनकी सफलता की सबसे बड़ी ताकत बना।
साल 2015 में दिशा को पहली बड़ी सफलता तेलुगु फिल्म 'लोफर' से मिली, जिसमें उनके काम की सराहना हुई। इसके बाद 2016 में उन्हें हिंदी फिल्म 'एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी' में काम करने का मौका मिला, जहां उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी की पहली प्रेमिका प्रियंका झा का किरदार निभाया। भले ही उनका रोल छोटा था, लेकिन उनके अभिनय ने दर्शकों का दिल जीत लिया।
इसके बाद दिशा ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने 'कुंग फू योगा', 'बागी 2', 'भारत', 'मलंग', 'राधे', 'एक विलेन रिटर्न्स', 'योद्धा' और 'कल्कि 2898 एडी' जैसी फिल्मों में काम किया। एक्शन, रोमांस और ग्लैमर से भरपूर किरदारों के जरिए उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई। वह अपनी फिटनेस को लेकर भी हमेशा चर्चा में बनी रहती हैं।
.png)