Movie prime

दिलजीत दोसांझ: पंजाबी म्यूजिक के बादशाह की अनकही कहानी

दिलजीत दोसांझ, पंजाबी म्यूजिक और फिल्म इंडस्ट्री के एक प्रमुख सितारे, ने अपनी गायकी की शुरुआत गुरुद्वारों में कीर्तन से की थी। उनका सफर साधारण पृष्ठभूमि से शुरू होकर आज विश्वभर में प्रसिद्धि तक पहुंचा है। जानें उनके हिट गानों, फिल्मों और समाज सेवा के बारे में।
 
दिलजीत दोसांझ: पंजाबी म्यूजिक के बादशाह की अनकही कहानी

दिलजीत दोसांझ का सफर


मुंबई, 5 जनवरी। पंजाबी म्यूजिक और फिल्म इंडस्ट्री के प्रमुख सितारे दिलजीत दोसांझ अब किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। उनकी आवाज में बचपन से ही एक खास जादू था, जो लोगों के दिलों को छू लेता था। बहुत से लोग नहीं जानते कि उन्होंने अपनी गायकी की शुरुआत गुरुद्वारों में कीर्तन से की थी, और यह अनुभव आज भी उनके संगीत और स्टेज परफॉर्मेंस में झलकता है।


दिलजीत का नाम अब केवल भारत में ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में प्रसिद्ध है। उनके प्रशंसक उनकी आवाज और अभिनय दोनों के दीवाने हैं।


दिलजीत दोसांझ का जन्म 6 जनवरी 1984 को पंजाब के जालंधर जिले के छोटे से गांव दोसांझ कलां में हुआ। उनका परिवार साधारण था और शुरुआती दिनों में आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इसी कारण उन्हें अपनी पढ़ाई पूरी करने के लिए लुधियाना जाना पड़ा, जहां वह अपने रिश्तेदार के घर रहने लगे।


दिलजीत ने अपनी स्कूली शिक्षा यहीं पूरी की, लेकिन उनका ध्यान हमेशा संगीत की ओर रहा। वह अक्सर गुरुद्वारों में कीर्तन गाते थे, और लोगों की सराहना ने उन्हें यह एहसास दिलाया कि उनकी आवाज में कुछ खास है।


गुरुद्वारे में गाने की शुरुआत ने उनके करियर की नींव रखी। धीरे-धीरे, वह शादियों और छोटे कार्यक्रमों में गाने लगे। उनकी मेहनत ने उन्हें जल्दी ही पहचान दिलाई। 2003 में, उन्होंने अपना पहला एल्बम 'इश्क दा उड़ा अड़ा' जारी किया, जिसने उन्हें पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में एक नई पहचान दिलाई। इसके बाद उनके दूसरे एल्बम 'स्माइल' और 2009 में 'द नेक्स्ट लेवल' ने भी सफलता हासिल की। उनके हिट गानों में 'पटियाला पैग', 'लवर', और 'प्रॉपर पटोला' शामिल हैं।


गुरुद्वारे से मिली संगीत की शिक्षा उनके गानों में हमेशा झलकती रही है। उनकी गायकी में एक भावनात्मक शैली है, जो दर्शकों को जोड़ती है। यही कारण है कि उनके लाइव कॉन्सर्ट्स के टिकट आसानी से नहीं मिलते और यदि मिलते हैं, तो उनकी कीमतें काफी ऊंची होती हैं। उनका फैन बेस उत्तरी अमेरिका, यूरोप और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों में फैला हुआ है।


एक अभिनेता के रूप में भी दिलजीत ने अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने 2011 में पंजाबी फिल्म 'द लायन ऑफ पंजाब' से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की। इसके बाद उनकी कई हिट फिल्में आईं, जैसे 'जट्ट एंड जूलिएट', 'सुपर सिंघ', और 'अंबरसरिया'। बॉलीवुड में उनकी शुरुआत 2016 में क्राइम थ्रिलर 'उड़ता पंजाब' से हुई, जिसके लिए उन्हें फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला और सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता के लिए नामांकन भी मिला।


इसके बाद उन्होंने 'गुड न्यूज' और 'अमर सिंह चमकीला' जैसी फिल्में कीं, जो दर्शकों और आलोचकों दोनों की पसंदीदा रहीं। दिलजीत दोसांझ ने समाज सेवा में भी योगदान दिया है। 2013 में, उन्होंने सांझ फाउंडेशन की स्थापना की, जो बच्चों और बुजुर्गों की मदद करता है और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है।


OTT