तेजा सज्जा का नया सफर: 'द ट्रेटर्स तेलुगु' में होस्ट बनेंगे साउथ स्टार!
तेजा सज्जा का रियलिटी शो में डेब्यू
मुंबई, 29 सितंबर। साउथ के अभिनेता तेजा सज्जा अब रियलिटी शो 'द ट्रेटर्स तेलुगु' के होस्ट के रूप में अपनी नई यात्रा शुरू करने जा रहे हैं। प्राइम वीडियो ने इस शो के प्रीमियर की तारीख 15 अक्टूबर घोषित की है।
यह शो एक अंतरराष्ट्रीय रियलिटी फ्रेंचाइजी का तेलुगु संस्करण है, जिसमें 20 विभिन्न बैकग्राउंड के प्रतिभागी शामिल होंगे। ये सभी एक गेम खेलेंगे जो भरोसे, धोखे और विश्वासघात पर आधारित है।
मेकर्स ने इंस्टाग्राम पर तेजा का एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह कहते हैं, "हर कोई तब तक अच्छा होता है जब तक उसे प्यार, शक्ति, युद्ध या जीत के लिए धोखा देने का अवसर नहीं मिलता। समय बदल सकता है, कारण भिन्न हो सकते हैं, लेकिन धोखा हमेशा एक जैसा रहता है।"
वीडियो के साथ मेकर्स ने लिखा, "द्रोहम, ड्रामा, धमाका। क्या आप तैयार हैं? 'द ट्रेटर्स तेलुगु', रियलिटी सीरीज, हर गुरुवार नए एपिसोड के साथ, 15 अक्टूबर से।"
प्राइम वीडियो और अमेजन एमजीएम स्टूडियोज इंडिया के डायरेक्टर निखिल मधोक ने इस शो के बारे में कहा, "द ट्रेटर्स तेलुगु एक अनस्क्रिप्टेड स्पेस में एक रोमांचक शो है, जो माइंड गेम्स और रणनीति पर केंद्रित है और दर्शकों को गहराई से जोड़ता है।"
उन्होंने आगे कहा, "हिंदी में दो सफल सीज़न के बाद, हम इस फ्रेंचाइजी को तेलुगु में लाने के लिए उत्साहित हैं। तेजा सज्जा इस शो के लिए एक बेहतरीन विकल्प हैं। उनका दर्शकों के साथ स्वाभाविक संबंध शो में एक अलग रंग लाएगा। हमें उम्मीद है कि 'द ट्रेटर्स तेलुगु' इस फ्रेंचाइजी को और ऊंचाइयों पर ले जाएगा और भारत के साथ-साथ वैश्विक दर्शकों को भी पसंद आएगा।"
एमओएल प्रोडक्शंस की को-फाउंडर फाजिला अल्लाना ने कहा, "'द ट्रेटर्स' को तेलुगु में लाना हमारे लिए एक अद्भुत अवसर है, क्योंकि यह फॉर्मेट हमें एक वैश्विक कहानी कहने का मौका देता है। प्राइम वीडियो के साथ जो हमने बनाया है, उस पर हमें गर्व है और हम चाहते हैं कि जैसे-जैसे गेम आगे बढ़े, दर्शक अपने पसंदीदा को चुनें।"
यह 10 एपिसोड की सीरीज चार हफ्तों तक स्ट्रीम होगी, जिसमें हर गुरुवार को नए एपिसोड रिलीज होंगे। तेजा सज्जा द्वारा होस्ट की गई इस सीरीज में विभिन्न क्षेत्रों की 20 प्रसिद्ध हस्तियां भाग लेंगी। “द ट्रेटर्स तेलुगु” प्राइम वीडियो पर तेलुगु में इंग्लिश सबटाइटल्स के साथ चार हफ्तों तक उपलब्ध होगी।
.png)