तमिल सिनेमा के दिग्गज म्यूजिक डायरेक्टर देवा के निधन पर परिवार ने जताया आभार
परिवार ने किया आभार व्यक्त
मुंबई, 31 अक्टूबर। तमिल फिल्म इंडस्ट्री के प्रसिद्ध म्यूजिक डायरेक्टर देवा के निधन के बाद उनके परिवार ने इस कठिन समय में समर्थन देने वाले सभी का धन्यवाद किया है। उनके बेटे, म्यूजिक डायरेक्टर श्रीकांत देवा ने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश साझा किया।
इस संदेश में उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री के कलाकारों, म्यूजिक डायरेक्टर्स, गायकों, पत्रकारों और मीडिया से जुड़े सभी लोगों का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने उनके पिता के निधन के बाद परिवार का हौसला बढ़ाया।
श्रीकांत ने कहा कि लोगों का प्यार, समर्थन और उनके पिता के प्रति दिखाया गया सम्मान हमेशा परिवार के दिलों में रहेगा।
अपने इंस्टाग्राम पर एक नोट साझा करते हुए उन्होंने लिखा, ''हमारे परिवार की ओर से उन सभी का दिल से धन्यवाद, जो इस कठिन समय में हमारे साथ खड़े रहे।''
उन्होंने आगे कहा, ''हम सिनेमा जगत की सभी हस्तियों, एक्टर्स, डायरेक्टर्स, म्यूजिक डायरेक्टर्स, म्यूजिशियंस, गीतकारों, गायकों, पीआरओ, मीडिया चैनलों, पत्रकारों और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े हर व्यक्ति का आभार जताते हैं, जिन्होंने श्रद्धांजलि देने, शोक जताने और अपना प्यार और समर्थन दिखाने के लिए आगे आए।''
श्रीकांत ने कहा, ''लोगों की मौजूदगी, प्रार्थनाओं, प्यार भरे शब्दों और श्रद्धांजलियों ने इस कठिन समय में परिवार को हिम्मत और सुकून दिया है। हमारे पिता के लिए लोगों का प्यार और सम्मान देखकर हम भावुक हैं। यह अपनापन उन खूबसूरत रिश्तों और यादों को दर्शाता है, जो उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में अपने लंबे सफर के दौरान बनाए थे।''
उन्होंने आगे कहा, ''आपकी हर छोटी-बड़ी मदद और समर्थन का हर शब्द हमेशा हमारे दिलों में रहेगा। उनकी विरासत का सम्मान करने और हमारे परिवार के साथ खड़े रहने के लिए आपका धन्यवाद। हम आप सभी के हमेशा आभारी रहेंगे। प्यार, सम्मान और आभार के साथ।''
गौरतलब है कि तमिल सिनेमा के मशहूर म्यूजिक डायरेक्टर देवा का 17 अक्टूबर को चेन्नई के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया था। उनकी उम्र 75 वर्ष थी। उनके निधन की खबर से पूरी तमिल फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई थी। उन्हें 'तेनिसाई थेंदरल' के नाम से भी जाना जाता था।
20 नवंबर 1950 को जन्मे देवा ने तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं की 400 से अधिक फिल्मों में संगीत दिया था। उनके करियर की कई यादगार फिल्मों में सुपरस्टार रजनीकांत की 'अन्नामलाई', 'अरुणाचलम' और 'बाशा' शामिल हैं। उन्होंने 1986 में तमिल फिल्म 'माटुकारा मन्नारू' से अपने करियर की शुरुआत की थी.
.png)