Movie prime

डोनल बिष्ट का अनुभव: कैसे गलत सलाह ने बिगाड़ा बड़ा मौका?

अभिनेत्री डोनल बिष्ट ने हाल ही में एक अनुभव साझा किया, जिसमें उन्होंने बताया कि कैसे गलत सलाह ने उन्हें प्रसिद्ध निर्देशक इम्तियाज अली के एक महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट से दूर कर दिया। उन्होंने बताया कि कैसे मीटिंग के दौरान आत्मविश्वास की कमी और सलाहों का पालन करना उनके लिए हानिकारक साबित हुआ। इस अनुभव ने उन्हें सिखाया कि करियर के फैसले खुद लेने चाहिए, खासकर एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में। जानें उनके इस अनुभव के बारे में और कैसे यह एक महत्वपूर्ण सबक बन गया।
 
डोनल बिष्ट का अनुभव: कैसे गलत सलाह ने बिगाड़ा बड़ा मौका?

डोनल बिष्ट का करियर का टर्निंग पॉइंट


मुंबई, 17 मार्च। फिल्म और टेलीविजन उद्योग में काम करना जितना आकर्षक लगता है, उतना ही यह चुनौतीपूर्ण भी है। कई बार कलाकारों को दूसरों की सलाह पर भरोसा करना महंगा पड़ सकता है। अभिनेत्री डोनल बिष्ट ने एक ऐसा ही अनुभव साझा किया, जिसमें उन्होंने बताया कि कैसे गलत मार्गदर्शन के कारण वह प्रसिद्ध निर्देशक इम्तियाज अली के एक महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट का हिस्सा नहीं बन सकीं।


डोनल ने कहा कि उन्हें इम्तियाज अली के एक प्रोजेक्ट के लिए अंतिम शॉर्टलिस्ट किया गया था। वह इस प्रोजेक्ट के अंतिम चरण तक पहुंच गई थीं और निर्देशक तथा उनकी टीम के साथ उनकी बैठक भी हो चुकी थी। यह उनके करियर का एक महत्वपूर्ण अवसर था, जिसके लिए वह बेहद उत्साहित थीं और उन्हें विश्वास था कि वह इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनेंगी।


अभिनेत्री ने बताया कि जैसे ही उन्हें इस मीटिंग की जानकारी मिली, उन्होंने यह खुशखबरी अपने करीबी लोगों के साथ साझा की। वह इस मौके को अपने करियर का टर्निंग पॉइंट मान रही थीं। लेकिन यहीं से उनके लिए समस्याएं शुरू हो गईं, क्योंकि उनके आस-पास के लोगों ने उन्हें विभिन्न प्रकार की सलाह देना शुरू कर दिया।


डोनल ने कहा, ''लोगों ने मुझे बताया कि मीटिंग में कैसे बात करनी चाहिए, क्या कहना है और किन चीजों से बचना है। मुझे यह भी विश्वास दिलाया गया कि अगर मैं इन सलाहों का पालन करती हूं, तो यह प्रोजेक्ट निश्चित रूप से मुझे मिलेगा। शुरुआत में मुझे लगा कि यह सब मेरे भले के लिए कहा जा रहा है, लेकिन बाद में यही सलाह मेरे लिए हानिकारक साबित हुई।''


उन्होंने आगे कहा, ''जब मैं मीटिंग में पहुंची, तो इन सभी बातों का प्रभाव मेरे व्यवहार में स्पष्ट था। मैं आत्मविश्वास के साथ अपनी बात नहीं रख पाई और कई जगहों पर हिचकिचाती रही। मेरे उत्तरों में स्पष्टता की कमी थी, जिससे इम्तियाज अली और उनकी टीम को लगा कि मैं अपने विचारों को लेकर असमंजस में हूं।''


डोनल ने कहा, ''स्थिति इतनी जटिल हो गई कि टीम को मेरी स्थिति को लेकर चिंता होने लगी। बाद में मुझे कास्टिंग टीम और उद्योग के कुछ लोगों का फोन आया, जिन्होंने मुझसे पूछा कि क्या मैं ठीक हूं, क्या मैं किसी मानसिक तनाव में हूं या कोई मुझे गलत दिशा में मार्गदर्शन कर रहा है। यह मेरे लिए काफी चौंकाने वाला था, क्योंकि मैंने खुद ऐसा कुछ महसूस नहीं किया था।''


इस अनुभव पर बात करते हुए डोनल ने कहा कि उस समय मैं लोगों की नीयत को समझ नहीं पाई। मुझे लगा कि सभी मेरी मदद करना चाहते हैं, लेकिन समय के साथ मुझे एहसास हुआ कि कुछ लोग ऐसे भी होते हैं जो आपकी सफलता नहीं देखना चाहते।


उन्होंने कहा, ''ऐसे लोग आपके आस-पास रहते हैं, आपका फायदा उठाते हैं और जब उनका काम पूरा हो जाता है, तो आपको नुकसान पहुंचाने की कोशिश करते हैं। यह अनुभव मेरे लिए एक महत्वपूर्ण सबक साबित हुआ। इस घटना ने मुझे सिखाया कि करियर और जीवन से जुड़े निर्णय खुद ही लेने चाहिए। खासकर एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में, जहां हर निर्णय महत्वपूर्ण होता है, वहां अपने दिल और दिमाग पर भरोसा करना आवश्यक है।''


OTT