डिवाइन की नई एल्बम 'वॉकिंग ऑन वॉटर': हिप-हॉप की नई पहचान
डिवाइन का नया म्यूजिक सफर
मुंबई, 19 दिसंबर। भारतीय हिप-हॉप ने पिछले कुछ वर्षों में जो पहचान बनाई है, उसमें कई कलाकारों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इनमें से एक प्रमुख नाम रैपर डिवाइन का है। मुंबई की सड़कों से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाले डिवाइन ने भारतीय रैप को नई आवाज दी है और इसे युवा पीढ़ी की भावनाओं से जोड़ा है। इस समय, वह अपनी नई स्टूडियो एल्बम 'वॉकिंग ऑन वॉटर' के लिए चर्चा में हैं।
डिवाइन ने अपनी इस नई एल्बम को अपने जीवन के अनुभवों का सार बताया है। उन्होंने कहा, "'वॉकिंग ऑन वॉटर' मेरे विकास, आत्मविश्वास, और आध्यात्मिक जुड़ाव का प्रतीक है। यह एल्बम उन सभी चीजों का जश्न मनाता है, जिन्हें मैंने मेहनत और संघर्ष से हासिल किया है। साथ ही, यह उन कठिनाइयों की भी याद दिलाता है, जिनसे मैं गुजरा हूं।"
उन्होंने आगे कहा, ''यह एल्बम विशेष रूप से उन लोगों के लिए है, जो सड़कों से जुड़े हैं, हिप-हॉप संस्कृति के प्रेमी हैं, और जिन्होंने मुझ पर विश्वास किया या मेरी क्षमताओं पर संदेह किया।''
इस एल्बम में कुल 16 गाने शामिल हैं, और हर ट्रैक डिवाइन के जीवन के विभिन्न पहलुओं को दर्शाता है। इन गानों में उनकी मुंबई की जिंदगी से लेकर वैश्विक हिप-हॉप मंच तक पहुंचने की कहानी सुनाई देती है। यह एल्बम उनके म्यूजिक लेबल 'गली गैंग' के तहत रिलीज किया गया है, जो भारतीय अंडरग्राउंड हिप-हॉप को बढ़ावा देने के लिए जाना जाता है।
'वॉकिंग ऑन वॉटर' की एक खासियत इसमें शामिल कलाकारों और संगीतकारों की मजबूत टीम है। इस एल्बम में हनुमानकाइंड, गुरिंदर गिल, रियार साब, एमसी अल्ताफ, सम्मोहित और कल्याणी प्रियदर्शन जैसे कलाकारों ने डिवाइन के साथ काम किया है।
इसके अलावा, एल्बम में बॉलीवुड के कुछ प्रसिद्ध गानों को नए अंदाज में पेश किया गया है, जिनमें ए.आर. रहमान का 'कहना ही क्या', आर.डी. बर्मन का 'महबूबा महबूबा', और फिल्म '3 इडियट्स' का 'गिव मी सम सनशाइन' शामिल हैं।
.png)