जाह्नवी कपूर ने मलयालम सिनेमा से दूरी बनाने का किया ऐलान, जानें क्यों?
जाह्नवी कपूर की नई फिल्म 'पेड्डी' और मलयालम सिनेमा पर विचार
मुंबई, 30 मई। अभिनेत्री जाह्नवी कपूर की नई फिल्म 'पेड्डी' जल्द ही सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। हिंदी और साउथ की फिल्मों में अपने अभिनय का लोहा मनवाने वाली जाह्नवी ने स्पष्ट किया है कि वह भविष्य में मलयालम सिनेमा में काम नहीं करना चाहती।
हाल ही में उन्होंने फिल्म ‘परम सुंदरी’ में काम किया और इस अनुभव के बाद उन्होंने बताया कि मलयालम भाषा उनके लिए काफी कठिनाई भरी रही। एक इंटरव्यू में जाह्नवी ने कहा कि 2024 में तेलुगु फिल्म ‘देवरा: पार्ट 1’ से दक्षिण भारतीय सिनेमा में कदम रखने के बाद, वह खुद को एक बहुभाषी अभिनेत्री मानती हैं।
जाह्नवी ने कहा, “ईमानदारी से कहूं तो मुझे सभी भाषाएं सीखनी हैं। लेकिन मलयालम की फोनेटिक्स मेरे लिए बहुत चुनौतीपूर्ण रही। मुझे नहीं लगता कि मुझे दोबारा मलयालम में काम करना चाहिए क्योंकि यह मेरे लिए बहुत मुश्किल है। यह एक खूबसूरत भाषा है, लेकिन मैं तमिल और तेलुगु की आवाजों से अधिक परिचित हूं।”
जाह्नवी कपूर ने 2018 में फिल्म ‘धड़क’ से अपने करियर की शुरुआत की थी और उन्होंने ‘गुंजन सक्सेना’, ‘मिली’ और ‘देवरा: पार्ट 1’ जैसी फिल्मों में काम किया है। वह तेलुगु फिल्मों का भरपूर आनंद ले रही हैं और तमिल सिनेमा में भी काम करने की इच्छा रखती हैं। उन्होंने कहा, “मैं तेलुगु फिल्मों में काम करने का सच में आनंद ले रही हूं। मैं तमिल फिल्मों में भी काम करना चाहूंगी।”
'पेड्डी' एक एक्शन ड्रामा फिल्म है, जिसका ट्रेलर हाल ही में रिलीज हुआ है और इसे दर्शकों द्वारा काफी सराहा जा रहा है। ट्रेलर में ग्रामीण जीवन, मेहनत, संघर्ष और खेलों के प्रति जुनून को दर्शाया गया है। राम चरण इस फिल्म में एथलीट 'पेड्डी' की भूमिका निभा रहे हैं, जो क्रिकेट, कुश्ती और दौड़ जैसे विभिन्न खेलों में भाग लेते हैं। वर्तमान में, जाह्नवी 'पेड्डी' की रिलीज की तैयारियों में व्यस्त हैं। बुची बाबू सना के निर्देशन में बनी इस फिल्म में राम चरण के साथ-साथ शिव राजकुमार, दिव्येंदु और बोमन ईरानी जैसे मजबूत सहायक कलाकार भी हैं।
यह फिल्म गांव के माहौल, एक्शन और भावनात्मक कहानी का एक रोमांचक मिश्रण है और 4 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
.png)