Movie prime

गीता कपूर: कैसे एक कमजोर आईसाइट ने उन्हें कोरियोग्राफी की दुनिया में पहुंचाया?

गीता कपूर, जिन्हें 'गीता मां' के नाम से जाना जाता है, ने अपनी कमजोर आईसाइट के बावजूद कोरियोग्राफी की दुनिया में एक महत्वपूर्ण स्थान बनाया है। उनका सफर 15 साल की उम्र में शुरू हुआ जब उन्होंने फराह खान के साथ काम करना शुरू किया। गीता ने कई हिट फिल्मों में कोरियोग्राफी की और टीवी पर भी अपनी पहचान बनाई। जानें उनके जीवन के बारे में और कैसे उन्होंने डांस रियलिटी शो में जज की भूमिका निभाई।
 

गीता कपूर का सफर




मुंबई, 4 जुलाई। हिंदी सिनेमा की प्रसिद्ध कोरियोग्राफर और टीवी की जानी-मानी शख्सियत गीता कपूर, जिन्हें लोग प्यार से 'गीता मां' के नाम से जानते हैं, ने कई हिट गानों की कोरियोग्राफी की है। गीता कपूर टीवी पर भी एक प्रमुख चेहरा हैं और कई डांस रियलिटी शो में जज की भूमिका निभा चुकी हैं।


गीता कपूर का जन्म 5 जुलाई 1973 को मुंबई में एक साधारण मिडिल क्लास परिवार में हुआ। उनके पिता का नाम महेंद्रनाथ कपूर और मां का नाम रानी कपूर है। बचपन में उनका सपना एयर होस्टेस बनने का था, लेकिन कमजोर आईसाइट के कारण यह सपना अधूरा रह गया। हालांकि, नृत्य के प्रति उनकी रुचि ने उन्हें डांस क्लास जॉइन करने के लिए प्रेरित किया।


गीता ने अपने करियर की शुरुआत 15 साल की उम्र में बॉलीवुड की मशहूर कोरियोग्राफर फराह खान के साथ बतौर असिस्टेंट की। इस दौरान उन्होंने 'कुछ कुछ होता है', 'दिल तो पागल है', 'कभी खुशी कभी गम', 'मैं हूं ना', 'मोहब्बतें' और 'ओम शांति ओम' जैसी कई सफल फिल्मों में कोरियोग्राफी की।


इसके बाद, गीता ने स्वतंत्र कोरियोग्राफर के रूप में 'फिजा', 'अशोका', 'साथिया', 'हे बेबी' और 'अलादीन' जैसी फिल्मों में काम किया। विशेष रूप से, फिल्म 'तीस मार खान' के गाने 'शीला की जवानी' की कोरियोग्राफी के लिए उन्हें काफी सराहना मिली।


टीवी करियर की बात करें तो गीता ने 2009 में जी टीवी पर प्रसारित 'डांस इंडिया डांस' (डीआईडी) में जज और मेंटोर के रूप में काम किया, जिससे उन्हें व्यापक पहचान मिली। इसके बाद उन्होंने 'सुपर डांसर', 'इंडियाज बेस्ट डांसर' और 'डीआईडी लिटिल मास्टर्स' जैसे कई शो में जज की भूमिका निभाई।


52 वर्षीय गीता कपूर ने अब तक शादी नहीं की है और वह सिंगल हैं। उन्हें अपनी बेबाकी और स्पष्ट विचारों के लिए जाना जाता है, और वह अपनी मां के साथ मुंबई में रहती हैं। वर्तमान में, गीता कपूर डांस रियलिटी शो 'इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5' में टेरेंस लुईस, करिश्मा कपूर और जावेद जाफरी के साथ जज की भूमिका में नजर आ रही हैं.


OTT