Movie prime

क्या है 'सरके चुनर' गाने का विवाद? नोरा फतेही ने राष्ट्रीय महिला आयोग के सामने पेश होने का किया फैसला

कन्नड़ फिल्म 'केडी द डेविल' के गाने ‘सरके चुनर’ को लेकर उठे विवाद में अभिनेत्री नोरा फतेही गुरुवार को राष्ट्रीय महिला आयोग के समक्ष पेश होंगी। इस गाने के बोल और प्रस्तुति को लेकर कई संगठनों ने आपत्ति जताई है। संजय दत्त पहले ही आयोग के सामने पेश होकर माफी मांग चुके हैं। जानें इस विवाद की पूरी कहानी और आयोग की सुनवाई में क्या होगा।
 
क्या है 'सरके चुनर' गाने का विवाद? नोरा फतेही ने राष्ट्रीय महिला आयोग के सामने पेश होने का किया फैसला

नोरा फतेही का एनसीडब्ल्यू के समक्ष पेश होना


नई दिल्ली, 6 मई। कन्नड़ फिल्म 'केडी द डेविल' के गाने ‘सरके चुनर’ को लेकर उठे विवाद में अभिनेत्री नोरा फतेही गुरुवार को राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) के समक्ष उपस्थित होंगी। आयोग ने उन्हें इस मामले में समन भेजा था, जिसके जवाब में वह सुबह 11.30 बजे आयोग के सामने होंगी।


राष्ट्रीय महिला आयोग ने इस गाने से संबंधित शिकायतों पर ध्यान देते हुए सुनवाई का आयोजन किया है। मीडिया को जारी एक सूचना में आयोग ने सभी सदस्यों से इस मामले का संज्ञान लेने का अनुरोध किया है। ‘सरके चुनर’ गाने के बोल, वीडियो और प्रस्तुति को लेकर कुछ संगठनों और महिला समूहों ने आपत्ति जताई है, जिसमें इसे महिलाओं की गरिमा के खिलाफ बताया गया है।


इस विवाद के चलते राष्ट्रीय महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लेते हुए नोरा फतेही को नोटिस भेजा था। इस गाने में वह अभिनेता संजय दत्त के साथ मुख्य भूमिका में नजर आई थीं। गाने की रिलीज के बाद सोशल मीडिया और आम जनता के बीच इसकी तीखी आलोचना हुई। कई लोगों और महिला अधिकार संगठनों ने इसे अश्लीलता और महिलाओं का अपमान माना।


राष्ट्रीय महिला आयोग इस मामले के सभी पहलुओं पर विचार कर रहा है। आयोग का मानना है कि मनोरंजन के नाम पर महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले किसी भी कंटेंट पर सख्ती से कार्रवाई की जानी चाहिए। सुनवाई के दौरान नोरा फतेही से आयोग उनके गाने से जुड़े पहलुओं, इसके निर्माण और प्रस्तुति पर सवाल पूछ सकता है। उन्हें अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर दिया जाएगा।


इस बीच, अभिनेता संजय दत्त 27 अप्रैल को आयोग के समक्ष पेश हो चुके हैं, जहां उन्होंने लिखित माफी मांगी और कहा कि उनका इरादा कभी भी महिलाओं या समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था। इस दौरान आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने उनसे कई सवाल पूछे और कलाकारों की सामाजिक जिम्मेदारी पर जोर दिया।


सुनवाई के दौरान संजय दत्त ने यह भी घोषणा की कि वह 50 आदिवासी लड़कियों की पढ़ाई का पूरा खर्च उठाएंगे। इसके साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में हर प्रोजेक्ट में महिलाओं और बच्चों की गरिमा का पूरा ध्यान रखा जाएगा।


OTT