क्या है बॉलीवुड फिल्म 'इश्का' की खासियत? जानें साइप्रस में शूटिंग की अनोखी कहानी!
फिल्म 'इश्का' का अनोखा सफर
मुंबई, 20 मई। बॉलीवुड में इन दिनों फिल्म 'इश्का' चर्चा का विषय बनी हुई है। इसकी कहानी और कलाकारों के अलावा, इसका ऐतिहासिक महत्व भी इसे खास बनाता है। 'इश्का' पहली बॉलीवुड फिल्म है, जिसकी शूटिंग साइप्रस में होने जा रही है। इस फिल्म का अनावरण मुंबई के कोलाबा स्थित ताज महल पैलेस होटल में एक भव्य समारोह में किया गया।
इस अवसर पर साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलाइड्स भी उपस्थित थे। कार्यक्रम में फिल्म उद्योग के कई प्रमुख चेहरे जैसे जावेद जाफरी, रवि किशन, श्रेया धनवंतरी, एलनाज नौरोजी, गौरव चोपड़ा, आदिति एस पोहनकर और प्रीति पाणिग्रही भी शामिल हुए।
'इश्का' एक रोमांटिक कॉमेडी-ड्रामा है, जिसे अंजलि भूषण मागो ने लिखा और निर्देशित किया है। अंजलि ने अपने करियर की शुरुआत 31 साल पहले करण जौहर की हिट फिल्म 'कुछ कुछ होता है' में सहायक निर्देशक के रूप में की थी। अब वह मीत ब्रदर्स के साथ मिलकर 'यंत्रा फिल्म्स' नामक नया प्रोडक्शन हाउस स्थापित कर रही हैं।
फिल्म की एक विशेषता यह है कि इसकी शूटिंग, सह-निर्माण और पोस्ट-प्रोडक्शन साइप्रस में 'सीआईपीए योजना' के तहत किया जाएगा।
फिल्म के बारे में अंजलि भूषण मागो ने कहा, "'इश्का' एक रोमांटिक फिल्म है, जो प्यार के विभिन्न पहलुओं को दर्शाएगी। हर व्यक्ति प्यार को अपने तरीके से देखता है, लेकिन अंततः प्यार केवल प्यार होता है। यह फिल्म मेरे लिए बहुत खास है, क्योंकि इसमें रिश्तों की भावनाएं, संघर्ष, खुशी और दर्द सब कुछ शामिल है। मैंने अपने करियर में ज्यादातर रोमांटिक और ड्रामा फिल्में बनाई हैं, लेकिन 'इश्का' से मुझे विशेष उम्मीदें हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "फिल्म में चार अलग-अलग प्रेम कहानियां होंगी, जो एक ही कहानी से जुड़ेंगी। इसमें सच्चे प्यार की भावना को खूबसूरती से प्रस्तुत किया जाएगा। आजकल लोग एक्शन और ड्रामा को ज्यादा पसंद करते हैं, लेकिन असली ताकत इमोशन्स में होती है। अगर दर्शक कहानी और पात्रों से जुड़ जाएं, तभी फिल्म दिल तक पहुंचती है।"
अंजलि ने कहा, "हर व्यक्ति के दिल में कोई न कोई भावना छिपी होती है, और वही असली कहानी बनती है। एक फिल्म निर्माता की सबसे बड़ी जिम्मेदारी होती है कि वह उन भावनाओं को दर्शकों तक सही तरीके से पहुंचाए। फिल्म उद्योग पूरी तरह इमोशन्स पर निर्भर है, और अगर कहानी में इमोशन्स नहीं होंगे, तो दर्शक उससे जुड़ नहीं पाएंगे।"
मीत ब्रदर्स के हरमीत सिंह ने भी फिल्म के बारे में अपनी राय साझा की। उन्होंने कहा, "अंजलि रोमांटिक फिल्मों को बहुत अच्छे से समझती हैं। दुनिया में एक्शन और थ्रिलर से ज्यादा जरूरी इंसानों के बीच का प्यार है, लेकिन प्यार को निभाना आसान नहीं होता। यही कारण है कि अच्छी रोमांटिक फिल्में कम बनती हैं और जो बनती हैं, वही लोगों के दिलों में बस जाती हैं। अंजलि और मेरी सोच इसलिए मिलती है क्योंकि हम दोनों ही प्यार और भावनाओं पर भरोसा करते हैं।"
.png)