क्या है प्रणीत मोरे के शो पर विवाद? मनोज मुंतशिर ने उठाई नैतिकता की आवाज!
मनोज मुंतशिर की नैतिकता पर चिंता
मुंबई, 15 जून। कमीडियन प्रणीत मोरे के शो में हुई अभद्रता ने पूरे देश में आक्रोश पैदा कर दिया है। इस घटना पर लेखक और गीतकार मनोज मुंतशिर ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने नैतिकता के गिरते स्तर पर चिंता जताते हुए युवा पीढ़ी से अपील की है। साथ ही, उन्होंने युवाओं को नैतिकता, महिला सम्मान और आत्म-सम्मान के महत्व को समझाने का प्रयास किया।
मनोज मुंतशिर ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, "बिरयानी 370 रुपए की और शर्म शून्य"। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या ऐसी सोच रखने वाले युवा देश के भविष्य को सुरक्षित रख सकते हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि वह उन लोगों में से नहीं हैं जो हमेशा अपने समय को बेहतर मानते हैं। उनके अनुसार, आज के युवा पहले से अधिक समझदार और जागरूक हैं, लेकिन कुछ लोगों की गलत हरकतें पूरी पीढ़ी की छवि को प्रभावित कर देती हैं।
उन्होंने युवाओं, विशेषकर लड़कों को सलाह दी कि किसी भी लड़की के बारे में कुछ कहने से पहले अपने शब्दों को ध्यान से तौलना चाहिए। उनके अनुसार, किसी पुरुष के चरित्र की सबसे बड़ी पहचान यह है कि वह महिलाओं का कितना सम्मान करता है।
इसके साथ ही, मनोज मुंतशिर ने लड़कियों को भी आत्म-सम्मान का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यदि किसी के साथ रेस्टोरेंट में चाय या भोजन किया जाए तो अपने हिस्से का भुगतान अवश्य करना चाहिए। इससे आत्म-सम्मान बना रहता है और कोई भी व्यक्ति किसी महिला की गरिमा को पैसों के आधार पर आंकने की हिम्मत नहीं कर सकता।
उन्होंने मामले से जुड़ी डॉक्टर महिला पर भी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा, "आपके लिए क्या कहूं डॉक्टर साहिबा... डॉक्टर का पेशा दुनिया के सबसे सम्मानित और पवित्र पेशों में से एक माना जाता है। ऐसे में इस तरह की टिप्पणी या व्यवहार न केवल व्यक्तिगत स्तर पर गलत है, बल्कि पूरे पेशे की गरिमा को भी ठेस पहुंचाता है।"
मनोज मुंतशिर ने समाज में नैतिक मूल्यों, महिला सम्मान और संवेदनशीलता को बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी को अपने व्यवहार और शब्दों के प्रति जिम्मेदार होना चाहिए। साथ ही, उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि सभी को सद्बुद्धि और सही सोच दें।
.png)