क्या है जैकी श्रॉफ की नई फिल्म 'द ग्रेट ग्रैंड सुपरहीरो' की खासियत?
जैकी श्रॉफ की नई फिल्म का अनोखा दृष्टिकोण
मुंबई, 8 मई। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता जैकी श्रॉफ अपनी आगामी फिल्म 'द ग्रेट ग्रैंड सुपरहीरो' को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म का नाम जितना अनोखा है, इसकी कहानी भी उतनी ही दिलचस्प है।
सामान्यतः सुपरहीरो फिल्मों में शक्ति, उड़ान और लड़ाई के दृश्य होते हैं, लेकिन इस बार फिल्म में सुपरहीरो का अर्थ लंबी उम्र तक स्वस्थ और खुशहाल जीवन जीने के रूप में प्रस्तुत किया गया है। जैकी श्रॉफ ने फिल्म के प्रचार के दौरान इस विचार को साझा किया।
जैकी ने कहा, "यदि कोई व्यक्ति 80 या 90 वर्ष की आयु में भी सक्रिय और मानसिक रूप से मजबूत रहता है, तो वही असली सुपरहीरो है। सुपरहीरो होना केवल स्क्रीन पर हीरो बनना नहीं है, बल्कि असल जिंदगी में खुद को इतना मजबूत बनाना है कि उम्र भी आपको रोक न सके।"
उन्होंने आगे कहा, ''बच्चों की कल्पनाओं और सपनों को हमेशा प्राथमिकता दी जानी चाहिए, क्योंकि वही भविष्य की दिशा तय करते हैं। फिल्म भी इसी सोच के इर्द-गिर्द बुनी गई है, जहां बच्चों की दुनिया और उनकी कल्पना को महत्व दिया गया है।''
यह फिल्म जी स्टूडियोज और आमदावाद फिल्म्स के सहयोग से बनाई गई है। निर्माताओं ने इसे एक ऐसी कहानी के रूप में प्रस्तुत किया है, जो परिवार, भावनाओं और कल्पना को एक साथ जोड़ती है। इसका उद्देश्य दर्शकों को एक नई सोच देना है, जिसमें उम्र को कमजोरी नहीं बल्कि अनुभव के रूप में दिखाया गया है।
हाल ही में फिल्म का टीजर जारी किया गया, जिसने दर्शकों में उत्सुकता बढ़ा दी है। टीजर में एक बच्चे की कल्पना की दुनिया को दर्शाया गया है, जहां उसका अपने दादाजी के साथ रिश्ता एक जादुई और रोमांचक सफर की तरह होता है। कहानी में एलियंस और फैंटेसी जैसे तत्व भी शामिल हैं।
फिल्म में जैकी श्रॉफ दादाजी के किरदार में हैं, जो अपने पोते की कल्पना की दुनिया में पूरी तरह से शामिल हो जाते हैं।
इस फिल्म का निर्देशन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता मनीष सैनी ने किया है, जिन्होंने कहानी को एक नई दृष्टि के साथ प्रस्तुत करने का प्रयास किया है, जिसमें बच्चों की कल्पना, परिवार का प्यार और जीवन की सच्चाइयों को एक साथ जोड़ा गया है।
फिल्म में प्रतीक स्मिता पाटिल, भाग्यश्री दसानी, शरद सक्सेना, मिहिर गोडबोले, दुर्गेश कुमार, सहर्ष शुक्ला, शिवांश चोरघे और कुमार सौरभ जैसे कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।
'द ग्रेट ग्रैंड सुपरहीरो' फिल्म 29 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
.png)