Movie prime

क्या है 'जंग' सीरीज में पवित्रा पुनिया का नया अवतार? जानें इस थ्रिलर की कहानी!

पवित्रा पुनिया की नई सीरीज 'जंग' एक थ्रिलर है, जिसमें एक साधारण हाउसवाइफ की जिंदगी में आए अचानक बदलाव की कहानी है। कावेरी के किरदार में पवित्रा ने एक चुनौतीपूर्ण भूमिका निभाई है, जो दर्शकों को अंत तक बांधे रखेगी। जानें इस सीरीज में क्या खास है और कावेरी की कहानी में कौन से मोड़ आते हैं।
 
क्या है 'जंग' सीरीज में पवित्रा पुनिया का नया अवतार? जानें इस थ्रिलर की कहानी!

पवित्रा पुनिया का नया किरदार 'जंग'




मुंबई, 18 मार्च। ओटीटी प्लेटफॉर्म पर थ्रिलर और सस्पेंस से भरी कहानियों की मांग लगातार बढ़ रही है, और इसी क्रम में एक नई सीरीज 'जंग' दर्शकों के सामने आने वाली है। इस सीरीज की कहानी एक साधारण महिला की जिंदगी में आए अचानक बदलाव पर केंद्रित है। इसमें टीवी की मशहूर अभिनेत्री पवित्रा पुनिया मुख्य भूमिका में हैं।


पवित्रा पुनिया इस सीरीज में 'कावेरी' का किरदार निभाएंगी, जो उनके पिछले सभी किरदारों से काफी भिन्न और चुनौतीपूर्ण है। इस नए रोल के बारे में पवित्रा ने कहा, "यह मेरे करियर का सबसे अनोखा किरदार है। जब मैंने इस सीरीज की कहानी सुनी, तो मैं तुरंत इससे जुड़ गई, क्योंकि हर एपिसोड में नए मोड़ और ट्विस्ट हैं, जो इसे और भी दिलचस्प बनाते हैं। मैंने इस किरदार के लिए काफी मेहनत की है।"


उन्होंने आगे कहा, "मैंने कई थ्रिलर फिल्में देखीं ताकि इस तरह की कहानियों की गहराई और तनाव को समझ सकूं। मैंने अपने किरदार में वही तनाव और अनिश्चितता दिखाने की कोशिश की है, जो उस स्थिति में कोई भी महिला महसूस करेगी। यही मेहनत मेरे अभिनय को खास बनाती है।"


सीरीज की कहानी कावेरी नाम की एक हाउसवाइफ के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक ऐसे विवाह में बंधी है, जहां उसे प्यार और अपनापन नहीं मिलता। बाहरी नजर से उसकी जिंदगी सामान्य लगती है, लेकिन अंदर से वह अकेलेपन और खालीपन से जूझ रही है।


कावेरी अपनी नीरस जिंदगी से बाहर निकलने की कोशिश करती है और एक ऐसा कदम उठाती है, जो उसे धीरे-धीरे एक खतरनाक दुनिया में ले जाता है। यह दुनिया अपराध, धोखे और कठिन निर्णयों से भरी होती है, जहां हर कदम पर खतरा होता है।


कहानी में तब मोड़ आता है जब कावेरी अपना नियंत्रण खोने लगती है। उसे यह समझ नहीं आता कि क्या सही है और क्या गलत। ऐसे में उसे अपनी जिंदगी के कुछ कड़वे सच का सामना करना पड़ता है। सीरीज का सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या कावेरी इस मुश्किल स्थिति से बाहर निकल पाएगी और अपनी जिंदगी की कमान खुद संभाल पाएगी या नहीं। यही सस्पेंस दर्शकों को अंत तक बांधे रखेगा।


इस सीरीज में पवित्रा के साथ संदीप आनंद, आभास मेहता और जोहैब अशरफी जैसे कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।


OTT