Movie prime

क्या है 'केडी: द डेविल' के गाने 'सरके चुनर तेरी' का विवाद? जानें डॉ. योगानंद गिरि की चेतावनी

फिल्म 'केडी: द डेविल' के गाने 'सरके चुनर तेरी' को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। डॉ. योगानंद गिरि ने गाने के बोलों पर आपत्ति जताते हुए चेतावनी दी है कि यदि ऐसे कंटेंट जारी रहे, तो पूरे बॉलीवुड के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने सेंसर बोर्ड की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। जानें इस विवाद की पूरी कहानी और अन्य हस्तियों की प्रतिक्रियाएं।
 
क्या है 'केडी: द डेविल' के गाने 'सरके चुनर तेरी' का विवाद? जानें डॉ. योगानंद गिरि की चेतावनी

गाने पर उठे विवाद के बीच डॉ. योगानंद गिरि की प्रतिक्रिया

मिर्जापुर, 17 मार्च। फिल्म 'केडी: द डेविल' के गाने 'सरके चुनर तेरी' को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। इस मुद्दे पर धार्मिक और सामाजिक संगठनों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से डॉ. योगानंद गिरि ने इस गाने के बोलों पर आपत्ति जताते हुए कड़ा रुख अपनाने की चेतावनी दी है।

डॉ. गिरि ने मीडिया से बातचीत में कहा कि गाने में प्रयुक्त डबल मीनिंग शब्द स्पष्ट रूप से दर्शाते हैं कि फिल्म उद्योग समाज को किस दिशा में ले जा रहा है। ऐसे गाने नई पीढ़ी पर नकारात्मक प्रभाव डाल रहे हैं, जो चिंता का विषय है।

उन्होंने यह भी कहा कि लोगों का विरोध जताना उनका अधिकार है और ऐसे कंटेंट का विरोध करना आवश्यक है।

डॉ. गिरि ने यह सवाल उठाया कि सेंसर बोर्ड इस तरह के गानों पर रोक क्यों नहीं लगा रहा है। यदि सेंसर बोर्ड इस मामले में कार्रवाई नहीं करता है, तो यह संदेह उत्पन्न करता है कि कहीं वह भ्रष्टाचार का शिकार तो नहीं हो गया है।

उन्होंने चेतावनी दी कि फिलहाल विरोध केवल एक गाने के खिलाफ है, लेकिन यदि इस तरह के कंटेंट जारी रहे, तो पूरे बॉलीवुड के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।

डॉ. गिरि ने कहा, ''फिल्में समाज को सकारात्मक संदेश देने के लिए बनती हैं, लेकिन आजकल कई फिल्में मर्यादा और संस्कारों से परे जा रही हैं। अब ऐसी फिल्में कम ही हैं जिन्हें परिवार के साथ बैठकर देखा जा सके।''

गौरतलब है कि 'सरके चुनर तेरी' गाना रिलीज होते ही विवादों में आ गया था। इसके बोल और डांस को अश्लील और फूहड़ बताते हुए लोग विरोध कर रहे हैं। बढ़ते विरोध के कारण फिल्म के निर्माताओं को अंततः यह गाना यूट्यूब से हटाना पड़ा।

इससे पहले भी कई हस्तियों ने इस गाने पर अपनी नाराजगी व्यक्त की है। गायक अरमान मलिक ने इसे गीत लेखन का नया निचला स्तर बताया, जबकि अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत ने बॉलीवुड पर सस्ती पब्लिसिटी के लिए हदें पार करने का आरोप लगाया।


OTT