क्या सलमान खान के फैंस ने फिल्म निर्माता को दी जान से मारने की धमकी? जानें पूरा मामला!
फिल्म 'काला हिरण: द बैटल फॉर लेगेसी' में विवाद
नोएडा, 12 जून। फिल्म 'काला हिरण: द बैटल फॉर लेगेसी' को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। निर्माता अमित जानी ने हाल ही में एक बातचीत में खुलासा किया कि उन्हें सलमान खान के प्रशंसकों और अंडरवर्ल्ड से लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।
उन्होंने बताया कि जब से फिल्म का पोस्टर जारी हुआ है, तब से उन्हें सलमान के फैंस के नाम पर लगभग 10,000 धमकियां प्राप्त हुई हैं।
अमित ने कहा, "मेरा व्हाट्सऐप, मैसेंजर, इंस्टाग्राम और फेसबुक धमकी भरे संदेशों से भरा हुआ है। पिछले कुछ दिनों से मुझे लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं, जैसे कि 'तुम्हारा सिर काट देंगे' या 'समुद्र में फेंक देंगे'। ये सब सलमान खान के समर्थकों की हरकतें हैं, जो किसी भी विरोधी को डराने के लिए ऐसे संदेश भेजते हैं।"
उन्होंने आगे कहा कि शुक्रवार को फिल्म का टीजर जारी होने के बाद उन्हें एक व्यक्ति का फोन आया, जिसने कहा कि वे उनके साथ घूमने वाले सीआरपीएफ कमांडो को मारने के साथ-साथ उन्हें भी नुकसान पहुंचाएंगे। अमित ने उस ऑडियो को गृह सचिव को भेज दिया है।
अमित ने यह भी बताया कि सलमान खान के प्रशंसकों में केवल सामान्य लोग ही नहीं, बल्कि अंडरवर्ल्ड के लोग भी शामिल हैं। उन्होंने कहा, "सलमान खान और दाऊद इब्राहिम के बीच के संबंध किसी से छिपे नहीं हैं। मुझे डी कंपनी से भी संदेश मिला था कि मैं और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री उनके निशाने पर हैं।"
अमित का कहना है कि सलमान खान की टीम एक साथ दो मोर्चों पर काम कर रही है। एक ओर, वे कास्टिंग डायरेक्टर को कानूनी नोटिस भेजकर दिल्ली हाईकोर्ट में टीजर पर रोक लगाने की कोशिश कर रहे हैं, और दूसरी ओर, उन्हें लगातार धमकियां भी मिल रही हैं।
उन्होंने अंत में कहा, "मेरे पास दाऊद इब्राहिम जैसी कोई ताकत नहीं है। मेरे पास केवल गृह मंत्रालय की सुरक्षा है और मैं भगवान जंभेश्वर की शरण में जा रहा हूं।"
.png)