क्या बदल गया है बॉलीवुड में काम करने का तरीका? अरशद वारसी ने साझा किए अपने अनुभव
अरशद वारसी का बॉलीवुड में काम करने का अनुभव
मुंबई, 2 जुलाई। बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता अरशद वारसी अपनी सरलता और चुलबुले स्वभाव के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में, उन्होंने बॉलीवुड में काम करने के बदलते तरीकों पर अपने विचार साझा किए और नए तथा पुराने कलाकारों के बीच के अंतर को स्पष्ट किया। उनका कहना है कि शूटिंग सेट पर उनका दृष्टिकोण हमेशा सीधा और केंद्रित रहा है, जबकि आज की युवा पीढ़ी का नजरिया थोड़ा भिन्न है।
जब एक इंटरव्यू में अरशद से बॉलीवुड के बदलते कार्य संस्कृति के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने एक दिलचस्प किस्सा सुनाया। उन्होंने कहा, ''एक बार मैं एक फिल्म की शूटिंग कर रहा था, जिसमें मुझे कई स्टंट करने थे। मैंने बिना ज्यादा ब्रेक लिए अपने सभी सीन पूरे किए। उस समय मेरा ध्यान केवल काम पर था। मेरे लिए काम का मतलब था लगातार प्रदर्शन करना और सेट पर उपस्थित रहना।''
उन्होंने आगे बताया, "जब मैंने सभी सीन पूरे किए, तो निर्देशक मेरे काम से बहुत प्रभावित हुए और उन्होंने मेरी तारीफ की। इस बातचीत में, निर्देशक ने मजाक में नए कलाकारों का जिक्र किया और कहा कि आजकल के नए कलाकार थोड़े अलग तरीके से काम करते हैं। वे थोड़ी देर काम करने के बाद आराम करने चले जाते हैं।"
अरशद ने कहा, ''पुराने और नए कलाकारों के बीच अंतर तो है, लेकिन इसे सही या गलत के रूप में नहीं देखा जा सकता। हर युग के कलाकार अपनी परिस्थितियों और आवश्यकताओं के अनुसार काम करते हैं। जहां पहले शूटिंग का माहौल अलग था, वहीं आज तकनीक, दबाव और काम का स्तर काफी बदल गया है।''
उन्होंने यह भी कहा, ''आज के नए कलाकारों पर काफी दबाव होता है। उनके करियर में बहुत कुछ दांव पर होता है, इसलिए वे अपनी फिटनेस का ज्यादा ध्यान रखते हैं। यह सावधानी उन्हें लंबे समय तक इंडस्ट्री में बने रहने में मदद करती है। वहीं, पुराने कलाकार साधारण और लगातार काम करने वाले माहौल से आते थे, जहां ब्रेक लेने की सोच उतनी नहीं होती थी।''
वर्कफ्रंट की बात करें तो अरशद वारसी जल्द ही फिल्म 'धमाल 4' में दिखाई देंगे। इस कॉमेडी फ्रेंचाइजी के चौथे भाग का निर्देशन इंद्र कुमार कर रहे हैं।
.png)