क्या 'फोर्स 3' में जॉन अब्राहम का एक्शन दर्शकों को फिर से चौंका देगा?
फोर्स फ्रेंचाइजी की नई फिल्म का ऐलान
मुंबई, 15 अप्रैल। एक्शन फिल्मों की दुनिया में अपनी खास पहचान बना चुकी 'फोर्स' श्रृंखला एक बार फिर से दर्शकों के सामने आने वाली है। इस बार फिल्म में पहले से ज्यादा दमदार एक्शन, नई कास्ट और एक मजबूत कहानी देखने को मिलेगी। जॉन अब्राहम अपने लोकप्रिय किरदार एसीपी यशवर्धन सिंह के रूप में लौटेंगे, जबकि हर्षवर्धन राणे और तान्या मानिकतला भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। हाल ही में, जॉन ने फिल्म की रिलीज की तारीख का खुलासा किया है।
फिल्म की शूटिंग का पहला शेड्यूल शुरू हो चुका है, और पूरी टीम इसे बड़े स्तर पर तैयार करने में जुटी है। जॉन ने इंस्टाग्राम पर एक एनिमेटेड वीडियो साझा किया है, जिसमें वह और हर्षवर्धन राणे बंदूक से फायरिंग करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
इस वीडियो के साथ उन्होंने लिखा, ''जब मजबूत ताकत और अडिग इरादे आमने-सामने आते हैं, तो एक तूफान पैदा होता है। फोर्स आ रही है! 'फोर्स 3' 19 मार्च 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।''
जॉन अब्राहम ने कहा, "'फोर्स' मेरे लिए बहुत खास है। यह फ्रेंचाइजी हमेशा से अपनी मजबूत पहचान और यथार्थवादी एक्शन के लिए जानी जाती रही है। 'फोर्स 3' के जरिए मैं इस विरासत को आगे बढ़ा रहा हूं। मैं हर्षवर्धन राणे को एक नए एक्शन हीरो के रूप में पेश करने के लिए उत्साहित हूं।"
फिल्म का निर्देशन भुवन धूलिया कर रहे हैं, जिन्होंने पहले 'खाकी: द बिहार चैप्टर' और 'द फ्रीलांसर' जैसे प्रोजेक्ट्स पर काम किया है। भुवन ने कहा, ''इस फ्रैंचाइज़ी से मेरा पुराना जुड़ाव है। यह फिल्म मेरे लिए घर वापसी जैसी है। स्क्रिप्ट पढ़ते ही मुझे यह बेहद प्रभावशाली लगी।''
'फोर्स 3' का निर्माण जॉन अब्राहम की प्रोडक्शन कंपनी जेए एंटरटेनमेंट और शील कुमार की कैरोलिना कॉर्पोरेशन मिलकर कर रहे हैं। हर्षवर्धन राणे इस फ्रेंचाइजी का हिस्सा बनने के लिए उत्साहित हैं। उन्होंने कहा, "जॉन अब्राहम के साथ काम करना मेरे लिए गर्व की बात है।"
तान्या मानिकतला ने भी अपनी खुशी व्यक्त की है। उन्होंने कहा, "दो दमदार कलाकारों के साथ काम करना रोमांचक है। मैं अपने किरदार को लेकर उत्साहित हूं और इसे पूरी मेहनत से निभाना चाहती हूं।"
.png)