क्या धर्मेंद्र हैं सबसे बड़े फ्लर्ट? जया प्रदा ने खोली राज की बात!
जया प्रदा का खुलासा
मुंबई, 20 सितंबर। अभिनेत्री जया प्रदा ने एक बार फिर से अपने पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि धर्मेंद्र सबसे ज्यादा फ्लर्ट करने वाले अभिनेता थे। कपिल शर्मा के शो का एक पुराना वीडियो हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें जया प्रदा अपनी यादों को ताजा करती नजर आ रही हैं।
कपिल ने जब उनसे पूछा कि सबसे ज्यादा फ्लर्ट कौन करता था, तो जया ने मुस्कुराते हुए कहा, "क्या मैं बताऊं?" और फिर धर्मेंद्र का नाम लिया।
इसके बाद कपिल ने पूछा कि सेट पर कौन सबसे देर से आता था। जया ने बताया कि राजेश खन्ना अक्सर देर से आते थे।
जया प्रदा ने कहा, "मैं साउथ से हूं और वहां मैंने काफी काम किया है। इसलिए मैं सुबह 7 बजे सेट पर पहुंच जाती थी, लेकिन यहां आने के बाद मेकर्स मुझे सुबह 9 बजे बुलाते थे। सेट पर पहुंचने के बाद मैं अपना मेकअप करती थी। राजेश खन्ना रात 8 बजे के आसपास आते थे और वड़ा पाव खाते थे। फिर वह एक शॉट देते थे और रात 9 बजे पैक-अप कर लेते थे।"
उन्होंने आगे कहा, "मैं 'शराबी' फिल्म के लिए पांच शिफ्ट करती थी और ऊटी से यात्रा करती थी। शाम को ट्रेन से चेन्नई पहुंचती थी। वहां एयरपोर्ट पर नहाने के बाद मैं फ्लाइट में बैठती थी और वहीं अपना मेकअप करती थी।"
जया ने कहा, "कोयंबटूर पहुंचने पर मुझे इस तरह से सब कुछ मैनेज करना पड़ता था। मैं साउथ में भी ऐसे ही काम करती थी। वहां सभी बड़े सितारे हैं, जैसे एनटीआर और राजकुमार सर। मैं उस समय केवल 16 या 17 साल की थी, इसलिए घबराहट होती थी। यह चुनौतीपूर्ण था, लेकिन गर्व की बात भी थी।"
.png)