Movie prime

क्या आपको याद है निकिता दत्ता का बचपन? मुंबई की गलियों में खोईं अदाकारा की पुरानी यादें!

अभिनेत्री निकिता दत्ता ने हाल ही में मुंबई के नेवी नगर में अपने बचपन की यादों को ताजा किया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर साझा की गई तस्वीरों के माध्यम से बताया कि कैसे इस क्षेत्र से उनकी जिंदगी की कई खूबसूरत यादें जुड़ी हैं। निकिता ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि कैसे उनके सपने इसी इलाके में आकार लेने लगे थे। जानें उनके बचपन के बारे में और इस यात्रा के दौरान उनकी भावनाएं क्या थीं।
 

मुंबई की गलियों में निकिता दत्ता की यादें




मुंबई, 20 नवंबर। अभिनेत्री निकिता दत्ता हाल ही में अपने बचपन के दिनों को याद करते हुए मुंबई के कोलाबा के नेवी नगर पहुंचीं। इस क्षेत्र में लौटकर उन्होंने अपनी पुरानी यादों को ताजा किया और इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें साझा कीं, जिसमें उन्होंने बताया कि इस स्थान से उनकी जिंदगी की कई खूबसूरत यादें जुड़ी हुई हैं।


अपने पोस्ट में, निकिता ने खुद को एक फौजी की बेटी बताते हुए कहा कि दिल ही यह तय करता है कि इंसान का असली घर कहां है।


फिल्मों 'कबीर सिंह' और 'लस्ट स्टोरीज' में नजर आ चुकीं निकिता ने बताया कि उनके पिता की नौकरी के कारण उनका परिवार मुंबई आया था, जब शहर बॉम्बे से मुंबई में तब्दील हो रहा था। उनका बचपन कोलाबा के नेवी नगर में बीता, जहां उनकी दुनिया मरीन ड्राइव और गेटवे ऑफ इंडिया तक सीमित थी।


उन्होंने कहा, "हम बड़े होते हुए शहर के उन हिस्सों के बारे में बहुत कम जानते थे, जो मरीन ड्राइव और गेटवे ऑफ इंडिया से आगे थे। यह कैंटोनमेंट क्षेत्र हमारे लिए सब कुछ था।"


निकिता ने आगे बताया कि इसी इलाके की गलियों में दौड़ते हुए और रोजाना बेस्ट की 103 नंबर बस में सफर करते हुए उनके सपनों ने आकार लेना शुरू किया। अब जब वह शूटिंग के सिलसिले में वापस आईं, तो पुरानी यादें ताजा हो गईं।


उन्होंने लिखा, "इन गलियों में चलते हुए और यूएस क्लब के ट्रेल पर दौड़ते हुए मेरे छोटे-छोटे सपनों ने जन्म लिया। यहां वापस आना मेरे अंदर उन सभी सालों की यादों की एक अजीब-सी कसक भर देता है।"


एक अन्य तस्वीर में, निकिता ने एक साइनबोर्ड दिखाया, जिसमें उनके स्कूल, कॉलेज के हॉस्टल और पहले बॉयफ्रेंड के घर का रास्ता लिखा था। उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा, "एक साइनबोर्ड मिला। मेरा स्कूल, मेरा कॉलेज हॉस्टल और मेरे पहले बॉयफ्रेंड का घर।"


गौरतलब है कि निकिता दत्ता का जन्म नई दिल्ली में हुआ था, और उनके पिता की भारतीय नौसेना में पोस्टिंग के कारण उनका बचपन विशाखापत्तनम और मुंबई जैसे कई शहरों में बीता।


OTT