क्या आप जानते हैं मुकेश ऋषि के चर्चित किरदार 'बुल्ला' के पीछे की कहानी?
मुकेश ऋषि का फिल्मी सफर और 'गुंडा' का जादू
मुंबई, 2 मई। हिंदी सिनेमा में अपनी अनोखी आवाज और प्रभावशाली व्यक्तित्व के लिए जाने जाने वाले अभिनेता मुकेश ऋषि आज भी दर्शकों के दिलों में बसे हुए हैं। उनकी फिल्म 'गुंडा' में निभाया गया खलनायक 'बुल्ला' का किरदार आज भी सोशल मीडिया पर चर्चित है, खासकर इसके डायलॉग्स और मीम्स के कारण।
हाल ही में मुकेश ऋषि ने एक मीडिया चैनल के साथ बातचीत की, जिसमें उन्होंने फिल्म 'गुंडा' के निर्देशक कांति शाह और उस समय के सिनेमाई अनुभवों पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि भले ही कांति शाह 2015 से फिल्म निर्देशन से दूर हैं, लेकिन उनके समय में उनका एक अलग ही जलवा था।
अभिनेता ने कांति शाह की फिल्म निर्माण शैली की सराहना करते हुए कहा कि वे उस समय के दर्शकों की पसंद को बखूबी समझते थे। मुकेश ने कहा, "उस समय सिनेमा दो वर्गों में बंटा था। एक वो जो बालकनी में बैठकर फिल्में देखते थे और दूसरे वो जो लोअर क्लास (फ्रंट स्टाल) की सीटों पर होते थे। कांति शाह ने इस खास दर्शक वर्ग के लिए फिल्में बनाई थीं।"
उन्होंने यह भी बताया कि कुछ महीने पहले उनकी कांति शाह से बातचीत हुई थी। मुकेश ने साझा किया, "कांति शाह 'गुंडा' को लेकर कुछ नया करने की योजना बना रहे हैं। मैंने उन्हें सुझाव दिया कि फिल्म ऑनलाइन उपलब्ध है, वे वहां से जो चाहें ले सकते हैं।"
जब उनसे पूछा गया कि क्या वे अभी भी कांति शाह के संपर्क में हैं, तो मुकेश ने कहा, "मुझे नहीं पता कि वे आजकल क्या कर रहे हैं या किस प्रोजेक्ट में हैं। यह कहना सही नहीं होगा कि मैं उनसे अक्सर मिलता हूं।"
अपने किरदार 'बुल्ला' की लोकप्रियता पर मुकेश ऋषि ने खुशी व्यक्त की और कहा कि यह जानकर अच्छा लगता है कि आज की पीढ़ी भी इस किरदार को पसंद करती है।
.png)