क्या आप जानते हैं मीनाक्षी शेषाद्रि का यादगार गाना 'लश्कारा' किस फिल्म से है?
मीनाक्षी शेषाद्रि का यादगार पल
मुंबई, 16 मई। मनोरंजन की दुनिया में कई गाने और फिल्में ऐसी होती हैं जो वर्षों बाद भी लोगों के दिलों में बसी रहती हैं। जब कलाकार उन यादों को ताजा करते हैं, तो प्रशंसकों के लिए वह क्षण और भी खास बन जाता है। इसी क्रम में, प्रसिद्ध अभिनेत्री मीनाक्षी शेषाद्रि ने अपने करियर के एक लोकप्रिय गाने 'लश्कारा' को याद करते हुए एक सुंदर वीडियो साझा किया। इस वीडियो में उन्होंने साउथ के सुपरस्टार चिरंजीवी के साथ अपने अनुभव को भी साझा किया।
मीनाक्षी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह काले रंग के आउटफिट में नजर आ रही हैं। इस वीडियो में वह अपने प्रसिद्ध गाने 'लश्कारा' की धुन पर डांस करती दिखाई दे रही हैं। उनके डांस मूव्स और एक्सप्रेशंस दर्शकों को पुराने दिनों की याद दिला रहे हैं।
वीडियो के साथ मीनाक्षी ने लिखा, "मुझे निर्माता एन. एन. सिप्पी के साथ कई फिल्मों में काम करने का अवसर मिला, और वह मेरे पसंदीदा निर्माताओं में से एक हैं। मैंने 'मेरी जंग', 'आगे से खेलेंगे' और 'आज का गुंडाराज' जैसी फिल्मों में उनके साथ काम किया।"
उन्होंने आगे कहा, ''चिरंजीवी जैसे अद्भुत कलाकार के साथ काम करना मेरे लिए एक बेहतरीन अनुभव था। चूंकि चिरंजीवी खुद भी बहुत अच्छे डांसर हैं, इसलिए फिल्म में हमारे कई डांस नंबर थे।''
मीनाक्षी ने 'लश्कारा' गाने का विशेष उल्लेख करते हुए कहा, ''यह एक मजेदार गाना था। इसकी शूटिंग ऊटी की खूबसूरत वादियों में की गई थी। इतने सालों बाद भी यह अनुभव मेरे साथ बना हुआ है।''
'लश्कारा' गाना लगभग 33 साल पहले रिलीज हुआ था। यह गाना 1992 में आई फिल्म 'आज का गुंडा राज' का हिस्सा था, जिसका निर्देशन रवि राजा पिनिसेट्टी ने किया था, और इसके निर्माता एन.एन. सिप्पी थे।
फिल्म में चिरंजीवी, मीनाक्षी शेषाद्रि और राज बब्बर मुख्य भूमिकाओं में थे। यह एक एक्शन और ड्रामा से भरपूर फिल्म थी, जिसकी कहानी अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई पर आधारित थी। उस समय फिल्म और इसके गाने दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हुए थे.
.png)