क्या आप जानते हैं 'कुसुम' के कुसुम और अभय की जोड़ी फिर से एक साथ आई है?
टीवी की यादगार जोड़ी की दीपावली पर मुलाकात
मुंबई, 6 नवंबर। छोटे पर्दे पर कुछ जोड़ियां ऐसी होती हैं, जो दर्शकों के दिलों में लंबे समय तक बसी रहती हैं। ऐसी ही एक जोड़ी 'कुसुम' सीरियल में नजर आई थी। इस शो में कुसुम और अभय का किरदार निभाने वाले नौशीन अली सरदार और अनुज सक्सेना एक बार फिर साथ आए हैं।
दीपावली के अवसर पर, दोनों ने शो के पुराने कलाकारों के साथ मिलकर जश्न मनाया और खूब मस्ती की। उनकी इस मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे पुराने दिनों की यादें ताजा हो गईं।
नौशीन ने अपने सोशल मीडिया पर इस मुलाकात की कुछ झलकियां साझा की हैं। वीडियो में नौशीन नीली साड़ी में नजर आ रही हैं, जबकि अनुज काले सूट और सफेद शर्ट में काफी आकर्षक लग रहे हैं। दोनों ने साथ में हंसते, डांस करते और तस्वीरें खिंचवाते हुए समय बिताया। उनकी यह मुलाकात एक बार फिर दर्शकों को कुसुम और अभय की जोड़ी की याद दिला गई।
इस मौके पर शो के अन्य पुराने कलाकार भी शामिल हुए। सीरियल में कुसुम और अभय की बेटी काली का किरदार निभाने वाली रुचा गुजराती भी दीपावली समारोह में मौजूद थीं। वीडियो में सभी कलाकार एक-दूसरे के साथ मस्ती करते हुए दिखाई दिए। इस दौरान पूरी टोली ने फिल्म 'कभी खुशी कभी गम' के प्रसिद्ध गाने 'बोले चूड़ियां' पर डांस किया। कलाकारों की यह मस्ती पुराने सीरियल के फैंस के लिए खुशी का कारण बनी।
नौशीन अली सरदार और अनुज सक्सेना की जोड़ी 'कुसुम' की कहानी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा थी। शो में नौशीन ने कुसुम देशमुख और अनुज ने अभय कपूर का किरदार निभाया था। दोनों की ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री दर्शकों को बेहद पसंद आई थी।
एकता कपूर के प्रोडक्शन हाउस बालाजी टेलीफिल्म्स द्वारा निर्मित इस सीरियल का प्रसारण मई 2001 में शुरू हुआ था और यह लगभग चार साल तक दर्शकों का मनोरंजन करने के बाद नवंबर 2005 में समाप्त हुआ।
.png)