क्या अक्षय कुमार की 'मुंबई क्लीन लीग' बदल देगी शहर की तस्वीर?
अक्षय कुमार की नई पहल: 'मुंबई क्लीन लीग'
मुंबई, 17 मार्च। मायानगरी में हर कोई अपनी किस्मत आजमाने आता है, लेकिन बढ़ती गंदगी और प्रदूषण ने इस शहर की चमक को कम कर दिया है। इस समस्या को ध्यान में रखते हुए, अभिनेता अक्षय कुमार ने 'मुंबई क्लीन लीग' की शुरुआत की है। हाल ही में उन्होंने इस पहल के पीछे के कारणों पर चर्चा की।
अक्षय ने बताया कि इस लीग का विचार इंडियन प्रीमियर लीग से प्रेरित है। इसमें खेल और मनोरंजन के तत्वों को नागरिक जिम्मेदारियों के साथ जोड़ा गया है।
अक्षय कुमार ने कहा, "आईपीएल को देखकर मुझे यह विचार आया। मैंने अमित साटम से कहा कि क्यों न हम 'मुंबई क्लीन लीग' की स्थापना करें? मुंबई में विभिन्न पृष्ठभूमियों के लोग रहते हैं और सभी एक बेहतर जीवन की चाह रखते हैं। यहां जगह की कमी है, लेकिन लोगों में ऊर्जा की कोई कमी नहीं है। यह देश का आर्थिक केंद्र है, और हर कोई यहां साफ और प्रदूषण-मुक्त वातावरण में रहना चाहता है।"
अक्षय ने स्कूल के दिनों का उदाहरण देते हुए कहा, "स्कूल में स्पोर्ट्स डे और अन्य प्रतियोगिताएं होती थीं, जहां सभी पहले, दूसरे और तीसरे स्थान के लिए प्रतिस्पर्धा करते थे। इसी तरह, यह लीग भी होगी, जिसमें पूरा मुंबई भाग लेगा।"
अभिनेता ने स्पष्ट किया कि इस लीग का उद्देश्य मुंबई को साफ और स्वच्छ बनाना है, हालांकि इसकी शुरुआत की तारीख अभी तक घोषित नहीं की गई है।
.png)