क्या AI वाकई हमारी नौकरियों को खत्म कर रहा है? राम गोपाल वर्मा का चौंकाने वाला बयान
राम गोपाल वर्मा का एआई पर बयान
मुंबई, 7 सितंबर। फिल्म निर्देशक राम गोपाल वर्मा अपने बेबाक विचारों और फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में, उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की तुलना औद्योगिक क्रांति से की, जिसने कई पारंपरिक नौकरियों को समाप्त कर दिया था।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किए गए एक नोट में, वर्मा ने कहा कि एआई अब उन नौकरियों को खत्म करने लगा है, जिनमें मानव सोच और रचनात्मकता की आवश्यकता होती है।
उन्होंने लिखा, "जो लोग एआई को तुरंत नहीं अपनाएंगे, उनकी नौकरियां सबसे पहले जाएंगी। तकनीक का उद्देश्य हमेशा हमारी सुविधा को बढ़ाना रहा है, ताकि हम शारीरिक कठिनाइयों से बच सकें और समय की बर्बादी से बच सकें।"
वर्मा ने आगे कहा, "हम सभी ने हमेशा अधिक फ्री टाइम की इच्छा की है, और अब एआई के साथ यह सपना सच होने जा रहा है, जो हमें हमेशा के लिए मुक्त कर देगा। इंसानों के पास दो चीजें होती हैं: एक शक्ति, जिससे हम काम करते हैं, और दूसरा दिमाग, जिससे हम सोचते और नवाचार करते हैं।"
उन्होंने औद्योगिक क्रांति और एआई के बीच समानता को रेखांकित करते हुए लिखा, "इंडस्ट्रियल रिवोल्यूशन ने शारीरिक नौकरियों को खत्म करना शुरू किया, और अब एआई हमारे दिमाग को खत्म कर रहा है। जल्द ही, हमारे पास न तो शारीरिक शक्ति बचेगी और न ही मानसिक, और यह हमारी सबसे बड़ी इच्छा के सच होने जैसा होगा।"
अपनी बात को समाप्त करते हुए, वर्मा ने कहा, "डब्लू. डब्लू. जैकोब्स की कहानी 'द मंकीज पॉ' में एडवर्ड एबे ने हमें चेतावनी दी थी कि, 'जो मांगते हो, उससे सावधान रहो, वो सच हो सकता है', और यह अब सच हो गया है।"
वर्तमान में, राम गोपाल वर्मा फिल्म 'पुलिस स्टेशन में भूत' के निर्माण में व्यस्त हैं। यह फिल्म लगभग दो दशकों बाद वर्मा और मनोज बाजपेयी की जोड़ी को फिर से एक साथ ला रही है। इस जोड़ी ने पहले 'सत्या', 'शूल' और 'रोड' जैसी सफल फिल्मों में साथ काम किया है।
.png)