कौन हैं मीनू मुमताज? सिनेमा की वो अदाकारा जिनकी मेहनत ने बदली किस्मत
मीनू मुमताज: संघर्ष और सफलता की कहानी
मुंबई, 25 अप्रैल। सिनेमा की दुनिया में एक ऐसी अदाकारा थीं, जिनकी खूबसूरती, नृत्य और अभिनय ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। लेकिन उनकी जिंदगी संघर्षों से भरी रही। उनके भाई, मशहूर कॉमेडियन महमूद, उन्हें प्यार से 'भाई' कहते थे। यह हैं मीनू मुमताज। परिवार की आर्थिक स्थिति ने उन्हें बचपन से ही मेहनत करने पर मजबूर कर दिया, और यही संघर्ष उनकी किस्मत का दरवाजा खोलने वाला बना।
मीनू मुमताज का जन्म 26 अप्रैल 1942 को मुंबई में हुआ। उनका असली नाम मलिकुल निसा था। उनके पिता, मुमताज अली, उस समय के जाने-माने अभिनेता और नर्तक थे। मीनू परिवार की सबसे छोटी संतान थीं, और उनके बड़े भाई महमूद अली एक प्रसिद्ध अभिनेता और कॉमेडियन थे। परिवार में चार भाई और तीन बहनें थीं। मीनू ने अपने पिता के साथ विभिन्न शहरों में डांस के स्टेज शो किए, लेकिन उनके पिता की शराब की लत ने परिवार की आर्थिक स्थिति को खराब कर दिया।
इस कठिनाई में, मीनू ने तय किया कि वह फिल्मों में भी काम करेंगी ताकि परिवार को आर्थिक सहायता मिल सके। उनकी मेहनत का फल जल्द ही मिला। 1955 में, निर्देशक नानूभाई वकील ने उन्हें फिल्म 'सफी खातिम' में पहला अवसर दिया। लेकिन असली सफलता उन्हें 1956 में गुरुदत्त की हिट फिल्म 'सीआईडी' से मिली, जिसने उन्हें रातोंरात प्रसिद्ध बना दिया।
इसके बाद, मीनू की किस्मत ने पलटा खाया और उन्होंने कई प्रमुख फिल्मों में काम किया। वह न केवल एक खूबसूरत अभिनेत्री थीं, बल्कि एक बेहतरीन डांसर भी। उन्होंने न केवल नायिका के रूप में, बल्कि चरित्र और सहायक भूमिकाओं में भी काम किया। महमूद ने एक बार कहा था, "मीनू मेरी छोटी बहन नहीं, बल्कि मेरा बड़ा भाई है। जब मैं असफल था, तब वह पूरे परिवार की जिम्मेदारी उठाती थी।"
मीनू ने साबित कर दिया कि लड़के और लड़कियों में कोई भेद नहीं होता। वह बेहद खूबसूरत और शानदार डांसर थीं। जल्द ही उन्हें मुख्य भूमिकाएं मिलने लगीं, जैसे कि फिल्म 'ब्लैक कैट' में बलराज साहनी के साथ।
प्रसिद्ध डांसर हेलेन ने भी उनकी नृत्य कला की सराहना की थी। 1963 में, महमूद ने अपनी बहन की शादी धूमधाम से की। मीनू का विवाह प्रोड्यूसर-डायरेक्टर-राइटर सैयद अली अकबर से हुआ, और उनके चार बच्चे हुए।
जीवन के अंतिम वर्षों में, मीनू मुमताज कनाडा में निवास कर रही थीं। 23 अक्टूबर 2021 को, 79 वर्ष की आयु में उनका निधन हो गया। जानकारी के अनुसार, वह उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं।
.png)