Movie prime

कृति खरबंदा की फिल्मी यात्रा: एक होर्डिंग से शुरू हुआ करियर

कृति खरबंदा की कहानी एक होर्डिंग से शुरू होती है, जिसने उन्हें फिल्म इंडस्ट्री में पहचान दिलाई। दिल्ली में जन्मी कृति ने पहले तेलुगु और कन्नड़ सिनेमा में काम किया, फिर हिंदी फिल्मों में कदम रखा। उनके करियर में कई उतार-चढ़ाव आए, लेकिन उन्होंने हर चुनौती का सामना किया। जानें कैसे एक विज्ञापन ने उनके जीवन को बदल दिया और उनकी निजी जिंदगी के बारे में भी, जिसमें उनकी शादी अभिनेता पुलकित सम्राट से शामिल है।
 

कृति खरबंदा का अनोखा सफर


मुंबई, 28 अक्टूबर। अभिनेत्री कृति खरबंदा ने अपने करियर में कई उतार-चढ़ाव देखे हैं। उन्होंने हिंदी सिनेमा में पहचान बनाने से पहले तेलुगु और कन्नड़ फिल्मों में काम किया। कभी वह अपनी खूबसूरती और मॉडलिंग के लिए चर्चा में रहीं, तो कभी अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीता।


कृति का फिल्मों में आने का कोई इरादा नहीं था। वह अपनी पढ़ाई पूरी कर रही थीं और मॉडलिंग भी कर रही थीं। इसी दौरान एक विज्ञापन के होर्डिंग पर उनकी तस्वीर ने एक फिल्म निर्माता का ध्यान खींचा, जिससे उनके फिल्मी करियर की शुरुआत हुई।


कृति का जन्म 29 अक्टूबर 1990 को दिल्ली में हुआ। उन्होंने स्कूल की पढ़ाई पूरी करने के बाद ज्वेलरी डिजाइनिंग में डिप्लोमा किया। अभिनय की दुनिया में कदम रखने से पहले वह विज्ञापनों में काम कर चुकी थीं। बचपन में उन्होंने एक आइसक्रीम के विज्ञापन में काम किया था। इसके बाद उन्होंने मॉडलिंग जारी रखी और कई ब्रांडों के विज्ञापनों में नजर आईं।


कृति ने एक इंटरव्यू में बताया कि चेन्नई में एक सुपरमार्केट चेन के विज्ञापन वाले होर्डिंग पर उनकी तस्वीर लगी थी। फिल्म निर्माता राज पिपल्ला ने उस तस्वीर को देखा। उस समय वह अपनी तेलुगु फिल्म के लिए नई अभिनेत्री की तलाश कर रहे थे। कृति की तस्वीर देखने के बाद उनकी टीम ने उनसे संपर्क किया और ऑडिशन के लिए बुलाया।


शुरुआत में कृति को लगा कि शायद उनके साथ मजाक हो रहा है, लेकिन जब वह हैदराबाद पहुंचीं तो उन्हें समझ आया कि फिल्म निर्माता उन्हें सच में अपनी फिल्म में लेना चाहते हैं। कृति ने ऑडिशन दिया और करीब 150 लड़कियों में से उनका चयन हुआ। परिवार की सलाह के बाद उन्होंने यह मौका स्वीकार कर लिया। इस तरह 2009 में आई तेलुगु फिल्म 'बोनी' से उनके अभिनय करियर की शुरुआत हुई। फिल्म में उनके साथ सुमंत नजर आए थे।


'बोनी' के बाद कृति ने 2010 में कन्नड़ फिल्म 'चिरू' से वहां के सिनेमा में कदम रखा। इसके बाद उन्होंने तेलुगु और कन्नड़ फिल्मों में लगातार काम किया। 2013 में आई कन्नड़ फिल्म 'गूगली' उनके करियर के लिए महत्वपूर्ण साबित हुई। इस फिल्म में यश उनके साथ थे। फिल्म की सफलता के बाद कृति को साउथ सिनेमा में कई नए मौके मिले।


हिंदी फिल्मों में उनका डेब्यू 2016 में इमरान हाशमी के साथ फिल्म 'राज रीबूट' से हुआ। हालांकि, उन्हें हिंदी दर्शकों के बीच खास पहचान 2017 में आई फिल्म 'शादी में जरूर आना' से मिली। इसमें उन्होंने आरती शुक्ला का किरदार निभाया था। उनके अभिनय को लोगों ने काफी पसंद किया और कई लोग उन्हें उनके असली नाम की जगह आरती कहकर बुलाने लगे।


इसके बाद कृति 'गेस्ट इन लंदन', 'यमला पगला दीवाना फिर से', 'हाउसफुल 4', 'पागलपंती', 'तैश' और '14 फेरे' जैसी फिल्मों में नजर आईं। उन्होंने विभिन्न प्रकार के किरदार निभाकर अपनी पहचान बनाई।


कृति को 2015 में कन्नड़ फिल्म 'सुपर रंगा' के लिए साउथ इंडियन इंटरनेशनल मूवी अवॉर्ड्स में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री (क्रिटिक्स) का पुरस्कार मिला। 2019 में उन्हें लोकमत स्टाइलिश अवॉर्ड्स में मोस्ट स्टाइलिश राइजिंग स्टार का सम्मान मिला। वहीं, 2020 में फिल्म 'हाउसफुल 4' के लिए लायंस गोल्ड अवॉर्ड्स में उन्हें कॉमिक भूमिका में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार दिया गया।


निजी जिंदगी की बात करें तो कृति ने अभिनेता पुलकित सम्राट के साथ 15 मार्च 2024 को शादी की। दोनों की मुलाकात फिल्मों में साथ काम करने के दौरान हुई थी। उनकी दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई और फिर दोनों ने शादी कर ली।


OTT