किसान के रूप में बप्पा की पूजा: सोनाली कुलकर्णी ने गणेश चतुर्थी पर किया अनोखा आयोजन
सोनाली कुलकर्णी का अनोखा गणेश चतुर्थी उत्सव
मुंबई, 14 सितंबर। अभिनेत्री सोनाली कुलकर्णी ने गणेश चतुर्थी के मौके पर भगवान गणेश को किसान के रूप में प्रस्तुत किया। उन्होंने बाढ़, सूखे और खराब मौसम से प्रभावित किसानों के लिए राहत और समृद्धि की कामना की।
सोनाली ने बताया, "भगवान की मूर्ति में खास बात यह है कि बप्पा बैलगाड़ी पर सवार हैं। हमारे घर में वर्षों से यह परंपरा रही है कि हम गणपति की मूर्ति खुद बनाते हैं। इस बार हमने सोचा कि 9 साल हो गए हैं, तो कुछ नया और अलग किया जाए।"
उन्होंने आगे कहा, "हमें सणस आर्ट में एक व्यक्ति ने सुझाव दिया कि बप्पा को बैलगाड़ी में विराजमान किया जाए। जब हमें यह आइडिया आया, तो हमने सोचा कि बप्पा को किसान के रूप में सजाना बहुत मजेदार होगा। इससे हम बप्पा से प्रार्थना कर सकेंगे कि जहां प्रलय हो रही है और सूखा पड़ा है, वहां राहत आए।"
सोनाली ने अपने भाई और भाभी का परिचय देते हुए कहा कि यह उनका साथ में पहला गणेश चतुर्थी है। उन्होंने कहा, "इस बार खुशी इस बात की है कि ये दोनों पहली बार गणेश चतुर्थी मना रहे हैं। मेरे भाई का यह पसंदीदा त्योहार है, इसलिए मैंने सोचा कि सभी मिलकर तैयारियां करें। मैं सभी से यही कहूंगी कि बप्पा के आगमन से सभी के परिवार में सुख, समृद्धि और खुशहाली आए।"
.png)