करीना कपूर ने बहन करिश्मा के आइकॉनिक लुक को किया रीक्रिएट, जानें फिल्म 'दायरा' के बारे में
करीना कपूर का नया लुक
मुंबई, 13 सितंबर (वेब वार्ता)। अभिनेत्री करीना कपूर खान ने अपनी आगामी फिल्म ‘दायरा’ के प्रमोशन के दौरान बहन करिश्मा कपूर के प्रसिद्ध फैशन लुक को फिर से जीवित किया। करीना ने करिश्मा के ‘जुबैदा’ लुक को अपने अंदाज में पेश किया।
इस लुक की तुलना करते हुए करीना ने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर अपनी और करिश्मा की ‘जुबैदा’ वाली तस्वीरों का एक कोलाज साझा किया। इस कोलाज में करिश्मा की एक तस्वीर भी है, जिसमें वह फूलों का गुच्छा पकड़े हुए वैसी ही मल्टीकलर साड़ी में नजर आ रही हैं।
करीना ने तस्वीर के साथ लिखा, “मुझे हमेशा से पता था कि हमारी पसंद बेहतरीन है... सिस्टर्स फॉरएवर।”
करिश्मा ने फिल्म ‘जुबैदा’ के गाने ‘धीमे धीमे गाऊं’ में यह प्रसिद्ध साड़ी पहनी थी। इस गाने को ए.आर. रहमान ने संगीतबद्ध किया था और इसे कविता कृष्णमूर्ति ने गाया था। श्याम बेनेगल की इस फिल्म में करिश्मा इसी लुक में दिखाई दी थीं। यह राजस्थानी पारंपरिक समुद्र लेहरिया प्रिंट वाली मल्टीकलर साड़ी फिल्म के सबसे यादगार फैशन लुक्स में से एक मानी जाती है। इसके साथ करिश्मा ने एक साधारण ब्लाउज और मोती के गहने पहने थे।
फिल्म ‘दायरा’ की बात करें, तो इसे मेघना गुलजार ने निर्देशित किया है, जबकि लेखन यश केसवानी, सीमा अग्रवाल और मेघना गुलजार ने किया है। इसे जंगली पिक्चर्स और पेन स्टूडियोज मिलकर प्रोड्यूस करेंगे।
यह फिल्म सच्ची घटनाओं से प्रेरित है और इसमें अपराध, सजा, त्वरित न्याय बनाम विलंबित न्याय और दो पुलिस अधिकारियों की भिन्न सोच को दर्शाया गया है।
‘दायरा’ जंगली पिक्चर्स और पेन स्टूडियोज के बीच पहला सहयोग है। इसके अलावा, यह मेघना गुलजार का जंगली पिक्चर्स के साथ ‘तलवार’ और ‘राजी’ के बाद तीसरा प्रोजेक्ट है। यह फिल्म करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन की पहली फिल्म भी है।
जंगली पिक्चर्स और डॉ. जयंतीलाल गडा (पेन स्टूडियोज) ने इस फिल्म का निर्माण किया है, और पेन मरुधर इसके डिस्ट्रीब्यूटर हैं। यह फिल्म 18 सितंबर को हिंदी और मलयालम भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
.png)