आशा भोसले का दिल छू लेने वाला वीडियो: लता मंगेशकर के साथ गाए गए गानों की यादें!
आशा भोसले का भावुक वीडियो वायरल
नई दिल्ली, 12 अप्रैल। भारतीय संगीत की दुनिया में जब भी सुरों का जिक्र होता है, लता मंगेशकर और आशा भोसले का नाम सबसे पहले आता है। आज ये दोनों महान गायिकाएं हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन इन्होंने मिलकर कई ऐसे हिट गाने दिए हैं जो आज भी लोगों के दिलों में जीवित हैं।
आशा भोसले के निधन की खबर के बीच उनका एक वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह यह बताती नजर आ रही हैं कि उन्होंने और लता मंगेशकर ने कितने गाने एक साथ गाए हैं। यह वीडियो सिंगिंग रियलिटी शो 'इंडियन आइडल' का है।
शो के दौरान आशा भोसले ने बताया कि उन्होंने और लता दीदी ने मिलकर 92 या 93 गाने गाए हैं। पुराने दिनों को याद करते हुए उन्होंने कहा, 'जब भी हम साथ में गाना गाते थे, तो हम एक-दूसरे की ओर देखते थे। मेरी हमेशा कोशिश रहती थी कि मैं लता दीदी से कभी कम न पड़ूं।'
इस शो में आशा भोसले ने प्रसिद्ध गीत 'मन क्यों बहका रे बहका आधी रात को' गाकर सुनाया। खास बात यह रही कि उन्होंने उन हिस्सों को लता मंगेशकर के अंदाज में गाने की कोशिश की, जो असल में स्वर कोकिला ने गाए थे।
इस प्रदर्शन ने वहां मौजूद सभी दर्शकों को भावुक कर दिया। आशा भोसले ने एक दिलचस्प किस्सा साझा करते हुए कहा, 'इस गाने की रिकॉर्डिंग के दौरान जब मैंने 'आधी रात' वाली लाइन को थोड़ी अलग लय में गाया, तो लता दीदी ने चश्मा उठाकर मेरी तरफ देखा और गर्दन हिलाकर मेरी तारीफ की।' यह पल मेरे लिए बेहद खास था।
दोनों बहनों ने मिलकर कई यादगार गाने दिए, जैसे 'मनभावन के घर जाए गोरी', 'मन क्यों बहका रे बहका आधी रात को', 'मैं चली मैं चली देखो प्यार की गली', 'सखी रे सुन बोले पपीहा', और 'छाप तिलक सब छीनी'। ये गाने न केवल उस समय में लोकप्रिय रहे, बल्कि आज भी लोगों की पसंदीदा सूची में शामिल हैं।
.png)