Movie prime

आमिर खान को 'लगान' की कहानी सुनाने में आशुतोष गोवारिकर को क्यों लगे डेढ़ साल?

फिल्म निर्माता आशुतोष गोवारिकर ने हाल ही में गोवा में आयोजित 55वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया में आमिर खान के साथ अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि कैसे आमिर को 'लगान' की कहानी सुनाने में उन्हें डेढ़ साल लगे। गोवारिकर ने आमिर के पहले के डर को समझते हुए स्क्रिप्ट में बदलाव किए और अंततः आमिर को फिल्म करने के लिए राजी किया। जानें इस दिलचस्प किस्से के बारे में और कैसे आमिर ने फिल्म को स्वीकार किया।
 

फिल्म फेस्टिवल में दिलचस्प किस्सा

मुंबई, 28 नवंबर। फिल्म निर्माता आशुतोष गोवारिकर हाल ही में गोवा में आयोजित 55वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (इफ्फी) में फरहान अख्तर और मधुर भंडारकर के साथ उपस्थित हुए। इस अवसर पर उन्होंने बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता आमिर खान के बारे में एक रोचक अनुभव साझा किया।


गोवारिकर ने बताया कि जब उन्होंने आमिर को फिल्म 'लगान' का विचार प्रस्तुत किया, तो उनका प्रतिक्रिया क्या थी। उन्होंने कहा, "यह काफी चुनौतीपूर्ण था, क्योंकि आमिर को मनाने में मुझे डेढ़ साल लग गए। जब मैंने उन्हें कहानी का खाका बताया, तो उन्होंने उसे पूरी तरह से अस्वीकार कर दिया, क्योंकि यह विचार ही अजीब था।"


उन्होंने आगे कहा, "अगर मैं आज भी आपको ऐसी कहानी सुनाऊं जिसमें गांव के 11 लोग धोती पहनकर क्रिकेट खेलते हैं और अंग्रेजों के खिलाफ लगान नहीं देने के लिए खेलते हैं, वो भी 1893 में, जब इस तरह के जॉनर का कोई अस्तित्व नहीं था। तब कोई स्पोर्ट्स ड्रामा नहीं बनता था। आप गांव पर फिल्म नहीं बना सकते थे। आप किसी बड़े सितारे को लेकर उसके बाल कटवाकर, उसका हेयरस्टाइल बदलकर, उसे फिल्म में धोती नहीं पहना सकते थे। इसलिए मैं आमिर के पहले वाले डर को पूरी तरह समझता हूं।"


फिल्म निर्माता ने बताया कि आमिर से मिलने के बाद उन्होंने अपनी स्क्रिप्ट में कुछ संशोधन किए और फिर से उन्हें सुनाने का निर्णय लिया।


उन्होंने कहा, "मुझे एहसास हुआ कि आमिर को इस स्क्रिप्ट के बारे में पूरी जानकारी होनी चाहिए। इसलिए मैं वापस गया और पूरी स्क्रिप्ट लिखी, फिर जाकर उन्हें विस्तार से कहानी सुनाई। जब मैं दोबारा उनके पास गया, तो मैंने कहा कि मेरे पास एक स्क्रिप्ट है, जिसे मैं उन्हें सुनाना चाहता हूं और उन्होंने मुझसे कहा कि ठीक है, सुनाओ।"


गोवारिकर ने यह भी बताया कि आमिर को स्क्रिप्ट सुनाने से पहले उन्होंने फिल्म का नाम नहीं बताया था।


उन्होंने कहा, "आमिर को पता था कि हमारी पिछली फिल्म 'बाजी' सफल नहीं रही थी, तो उन्होंने मुझसे कहा था, 'ठीक है, मैं तुम्हें थोड़ा समय दे सकता हूं', लेकिन ये बताओ कहीं तुम मुझे वही स्क्रिप्ट तो दोबारा नहीं सुनाने वाले हो? धोती, लगान, चंपानेर और वो सब।' मैंने कहा, 'हां, वही वाली है।' उन्होंने कहा, 'मुझे ये नहीं सुननी है।' मैंने कहा, 'रुको एक मिनट बस अपनी जिंदगी के तीन घंटे मुझे दे दो। उसके बाद, अगर तुम मना भी कर दो, तो भी बस एक बार सुन तो लो' तो उन्हें मेरे जोश, मेरे उत्साह में काफी दम लगा कि मैं फिर से 3 घंटे तक पूरी डायलॉग वाली स्क्रिप्ट सुनाना चाहता हूं और उसी ने बाजी पलट दी। उन्होंने सुनी। उनकी आंखों में आंसू आ गए। उन्होंने वो सब महसूस किया। वो हंसे। और उन्होंने कहा, 'पक्का, मैं अब ये फिल्म करना चाहता हूं।'


OTT