अरिजीत सिंह: बॉलीवुड के सिंगिंग किंग की अनकही कहानी
अरिजीत सिंह का जादुई सफर
नई दिल्ली, 24 अप्रैल। बॉलीवुड में कई अद्भुत गायक हैं, लेकिन कुछ आवाजें ऐसी होती हैं जो पहली बार सुनने पर ही दिल में बस जाती हैं। ऐसी ही एक जादुई आवाज है अरिजीत सिंह की। उनकी गायकी में एक अनोखा जादू है, जिसके कारण वे आज करोड़ों लोगों के दिलों की धड़कन बन चुके हैं।
अरिजीत सिंह का जन्म 25 अप्रैल 1987 को पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में हुआ। उनका संगीत से जुड़ाव बचपन से ही था, क्योंकि उनके परिवार में संगीत का माहौल था। उनकी दादी और मां गाने में माहिर थीं, जबकि उनके मामा तबला बजाते थे। ऐसे माहौल में बड़े होने के कारण अरिजीत के लिए संगीत केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि जीवन का अभिन्न हिस्सा बन गया। उन्होंने बचपन में ही शास्त्रीय संगीत की शिक्षा लेना शुरू कर दी थी, जिसने उनकी नींव को मजबूत किया।
अरिजीत का सफर आसान नहीं था। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एक रियलिटी शो 'फेम गुरुकुल' से की, लेकिन वहां से उन्हें खास पहचान नहीं मिली। उन्होंने लगातार मेहनत की, छोटे-छोटे प्रोजेक्ट्स किए और खुद को बेहतर बनाते रहे। फिर वह क्षण आया जिसने उनकी जिंदगी बदल दी। फिल्म 'आशिकी 2' का गाना 'तुम ही हो' न केवल हिट हुआ, बल्कि लोगों के दिलों में बस गया। इस गाने ने अरिजीत को रातों-रात स्टार बना दिया। उनकी आवाज में जो दर्द और सच्चाई थी, उसने हर किसी को छू लिया। इसके बाद उन्होंने एक से बढ़कर एक गाने गाए और देखते ही देखते बॉलीवुड के सिंगिंग किंग बन गए।
आज उनके नाम सैकड़ों हिट गाने हैं। उन्होंने "अपना बना ले" (भेड़िया), "केसरिया" (ब्रह्मास्त्र), और "चन्ना मेरेया" (ऐ दिल है मुश्किल) जैसे 400 से अधिक बेहतरीन गाने गाए हैं। रोमांटिक, सैड, सूफी, हर तरह के गानों में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है। उनकी खासियत यह है कि वे हर गाने में जान डाल देते हैं, चाहे वह धीमा हो या तेज, खुश हो या दर्द भरा।
इतनी बड़ी सफलता के बावजूद, अरिजीत सिंह की जिंदगी बेहद साधारण है। जहां ज्यादातर सितारे लाइमलाइट में रहना पसंद करते हैं, वहीं अरिजीत इससे दूर रहना पसंद करते हैं। वे ना तो ज्यादा इंटरव्यू देते हैं और ना ही सोशल मीडिया पर ज्यादा सक्रिय रहते हैं। अक्सर उन्हें साधारण कपड़ों में आम लोगों की तरह घूमते हुए देखा जाता है।
करियर के पीक पर होने के बावजूद, अरिजीत सिंह ने 27 जनवरी 2026 को प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास लेने का निर्णय लिया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के माध्यम से बताया कि वह अब पार्श्व गायक के रूप में कोई नया काम नहीं करेंगे। हालांकि, उन्होंने संगीत से संन्यास नहीं लिया है, बल्कि फिल्मों में गाने से लिया है। वह अब भी अपने फैंस के लिए गाने बनाते रहेंगे।
.png)