अरमान मलिक का नया गाना 'सब्र': सपनों और धैर्य का अनोखा संदेश
अरमान मलिक का प्रेरणादायक गाना 'सब्र'
मुंबई, 9 अक्टूबर। प्लेबैक सिंगर अरमान मलिक का मानना है कि जीवन में प्रगति के लिए बड़े सपनों का देखना आवश्यक है, लेकिन इसके साथ ही धैर्य रखना और अपने पास मौजूद चीजों के प्रति आभार व्यक्त करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। अक्सर हम दूसरों की सफलताओं की तुलना अपने सफर से करने लगते हैं, लेकिन हर किसी का जीवन का मार्ग अलग होता है। अरमान ने अपने नए गाने 'सब्र' के माध्यम से इसी विचार को उजागर करने का प्रयास किया है।
यह गाना 'भूमि 2026' प्रोजेक्ट का हिस्सा है, जो यह संदेश देता है कि खुशी केवल मंजिल तक पहुंचने में नहीं, बल्कि उस यात्रा के दौरान मिलने वाली छोटी-छोटी खुशियों को समझने में भी है।
गाने का संगीत सलीम-सुलेमान ने तैयार किया है, जबकि इसके बोल श्रद्धा पंडित ने लिखे हैं। 'सब्र' में धैर्य रखने, जीवन में मिली चीजों की कद्र करने और अपने सफर को अपनाने के विचारों को शामिल किया गया है।
अरमान के लिए यह गाना केवल एक म्यूजिक प्रोजेक्ट नहीं है, बल्कि उनकी व्यक्तिगत जिंदगी से भी जुड़ा हुआ है। गाने के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि इसकी धुन और इसके पीछे का विचार उन्हें विशेष रूप से प्रभावित करता है। उन्होंने सलीम-सुलेमान के 'भूमि' प्रोजेक्ट के लिए इसे गाना अपने लिए एक चुनौती बताया।
अरमान ने कहा, ''जिस बात ने मुझे 'सब्र' गाने की ओर खींचा, वह इसका संगीत और इसके पीछे छिपा विचार था। सलीम-सुलेमान के 'भूमि' प्रोजेक्ट के लिए इसे गाना मेरे लिए एक चुनौती रहा। मुझे सच में लगता है कि गायकी के लिहाज से यह मेरे सबसे अच्छे गानों में से एक है। यह ऐसा संगीत है, जिस पर मैं आने वाले कई सालों तक गर्व कर सकूंगा।''
सिंगर ने आगे कहा, ''मैंने अपने जीवन में कुछ सपने लंबे समय से संजोकर रखे हैं, खासकर अपने ओरिजिनल म्यूजिक को लेकर। इसलिए मैं इस गाने के संदेश से खुद को जुड़ा हुआ महसूस करता हूं। यह गाना याद दिलाता है कि अपने सपनों पर भरोसा बनाए रखना और सफर को समय देना कितना जरूरी है।''
अरमान ने कहा, ''आज के दौर में दूसरों से अपनी तुलना करना बहुत आसान हो गया है। सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लोग लगातार दूसरों की उपलब्धियां देखते रहते हैं। ऐसे में कई बार ऐसा लगने लगता है कि दूसरे लोग तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और हम पीछे रह गए हैं। ऐसी सोच से बचने के लिए यह समझना जरूरी है कि हर इंसान की परिस्थितियां और आगे बढ़ने का तरीका अलग होता है।''
उन्होंने कहा, ''आप बड़े सपने देख सकते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि आपको लगे कि आज आप जहां हैं, वह काफी नहीं है। मैं उम्मीद करता हूं कि 'सब्र' लोगों को कुछ पल रुकने और अपनी मौजूदा जिंदगी को लेकर थोड़ा सुकून महसूस करने का मौका देगा। अगर कोई ऐसे दौर से गुजर रहा है, जब चीजें उसकी उम्मीद के मुताबिक नहीं हो रही हैं, तो मुझे उम्मीद है कि यह गाना उसे अपने सफर पर भरोसा रखने और जिंदगी में मौजूद अच्छी चीजों को पहचानने में मदद करेगा।''
.png)