अनिल कपूर की शादी में घुसपैठ: बचपन की मजेदार यादें!
अनिल कपूर का अनोखा किस्सा
मुंबई, 19 सितंबर (वेब वार्ता)। अभिनेता अनिल कपूर ने हाल ही में क्विज शो ‘इंडिया के टॉप 1 पर्सेंट’ में अपने बचपन की एक मजेदार घटना साझा की। उन्होंने बताया कि जब वह चेंबूर के तिलक नगर में रहते थे, तो शादी समारोहों की ओर उनका आकर्षण बेहद खास था।
उन्हें इस बात की परवाह नहीं थी कि उन्हें शादी में बुलाया गया है या नहीं। वह और उनके दोस्त बिना किसी निमंत्रण के ही शादी में पहुंच जाते थे। वहां पहुंचकर वे ऐसे व्यवहार करते थे जैसे वे परिवार के सदस्य हों।
अनिल ने कहा, 'हम चेंबूर में रहते थे, जहां कई शादियां होती थीं। फ्री में खाना और गिफ्ट पाने का मौका कौन छोड़ता है?'
शादी में जाने का असली मजा उनके लिए सिर्फ खाना नहीं था। उन्हें गोल्ड स्पॉट और मंगोला जैसे ठंडे पेय बहुत पसंद थे। यही कारण था कि उनकी नजर हमेशा पेय काउंटर पर होती थी।
उन्होंने हंसते हुए कहा, 'मैं वहां सिर्फ गोल्ड स्पॉट और मंगोला पीने जाता था। हम नमस्ते करते हुए सीधे काउंटर पर पहुंच जाते और 11-12 बोतलें पी जाते थे।'
अनिल कपूर ने इस मजेदार अनुभव को मशहूर कहावत ‘बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना’ से जोड़ते हुए कहा, 'असल में यह होना चाहिए, “बेगानी शादी में अनिल कपूर दीवाना।”'
अब अनिल कपूर एक नए अंदाज में दर्शकों के सामने आने वाले हैं। वह ‘इंडिया के टॉप 1 परसेंट’ शो में नजर आएंगे, जिसका प्रसारण 19 सितंबर से स्टार प्लस पर होगा और इसे जियोहॉटस्टार पर भी देखा जा सकेगा।
.png)