हेमा मालिनी ने नवरात्र के पहले दिन 'दुर्गा' बैले से किया सबको मंत्रमुग्ध!
हेमा मालिनी का शानदार डांस बैले 'दुर्गा'
मुंबई, 13 अक्टूबर। प्रसिद्ध अभिनेत्री और भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने नवरात्र की शुरुआत एक विशेष कार्यक्रम में की। तेलंगाना में आयोजित इस इवेंट में उन्होंने अपने प्रसिद्ध डांस बैले 'दुर्गा' का प्रदर्शन किया। इस प्रस्तुति के माध्यम से उन्होंने मां दुर्गा की शक्ति और भक्ति को बखूबी दर्शाया। उन्होंने इस परफॉर्मेंस का वीडियो मंगलवार को अपने सोशल मीडिया पर साझा किया।
11 अक्टूबर को तेलंगाना के क्लासिक कन्वेंशन सेंटर में 'अग्र दांडिया नवरात्रि सेलिब्रेशन' के दौरान हेमा ने अपनी प्रस्तुति दी। यह कार्यक्रम अग्रवाल समाज द्वारा आयोजित किया गया था, जिसमें महाराजा अग्रसेन जयंती का भी आयोजन किया गया। इंस्टाग्राम पर अपनी परफॉर्मेंस की झलक साझा करते हुए उन्होंने अपनी खुशी व्यक्त की।
उन्होंने लिखा, ''नवरात्र के पहले दिन तेलंगाना के अग्रवाल समाज के 'अग्र दांडिया नवरात्रि सेलिब्रेशन' में क्लासिक कन्वेंशन सेंटर पर अपने सबसे पॉपुलर बैले 'दुर्गा' की प्रस्तुति देना मेरे लिए खुशी की बात थी। इस कार्यक्रम के साथ 11 अक्टूबर को महाराजा अग्रसेन जयंती भी मनाई गई। इस शुभ अवसर पर आप सभी को नवरात्र और दुर्गा पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं।''
हेमा ने अपनी पोस्ट के साथ परफॉर्मेंस का वीडियो भी साझा किया, जिसमें वह पार्वती माता के रूप में नजर आ रही हैं। उनके अद्भुत डांस मूव्स और भाव-भंगिमाओं ने इस पौराणिक किरदार को जीवंत कर दिया। उनकी प्रस्तुति में क्लासिकल डांस के साथ भक्ति का गहरा भाव भी देखने को मिला।
हेमा मालिनी ने न केवल फिल्मों में अपनी पहचान बनाई है, बल्कि भारतीय शास्त्रीय नृत्य की दुनिया में भी एक अलग मुकाम हासिल किया है। उनके डांस बैले में कला, आध्यात्मिकता और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिलता है। वह पहले भी कह चुकी हैं कि नृत्य उनके लिए एक गहरा आध्यात्मिक अनुभव है, जो उन्हें भारतीय परंपराओं से जोड़े रखता है.
.png)