हेमा मालिनी ने धर्मेंद्र को याद करते हुए साझा की अनदेखी पारिवारिक तस्वीरें
धर्मेंद्र की याद में भावुक हुईं हेमा मालिनी
नई दिल्ली, 28 नवंबर। हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर अभिनेता धर्मेंद्र का निधन 24 नवंबर को उनके जुहू स्थित निवास पर हुआ। उनके लिए एक प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया, जिसमें देओल परिवार के सभी सदस्य और कई प्रमुख बॉलीवुड सितारे शामिल हुए।
पति धर्मेंद्र की याद में हेमा मालिनी ने सोशल मीडिया पर कुछ अनदेखी तस्वीरें साझा की हैं, जिनमें उनका परिवार एक-दूसरे के प्रति प्यार दर्शाता नजर आ रहा है।
हेमा ने इंस्टाग्राम पर साझा की गई तस्वीरों में धर्मेंद्र को अपनी बेटियों ईशा और अहाना के साथ गले लगाते हुए दिखाया है। एक अन्य तस्वीर में, हेमा और धर्मेंद्र के गले में फूलों की माला है। एक और फोटो में, हेमा ने धर्मेंद्र को उनके जन्मदिन पर एक कार्ड भेंट किया है, जिसमें लिखा है, "हैप्पी बर्थडे टू द लव ऑफ मॉय लाइफ।"
इन तस्वीरों से स्पष्ट है कि हेमा और उनके परिवार के सदस्य अभिनेता के बिना कितने अधूरे महसूस कर रहे हैं।
हेमा ने कैप्शन में लिखा, "कुछ प्यारे पारिवारिक पल, बेहद अनमोल तस्वीरें हैं। मुझे पता है कि तस्वीरों की भरमार है, लेकिन ये प्रकाशित नहीं हुई हैं और इन्हें देखकर मेरी भावनाएं उमड़ रही हैं।"
गुरुवार को, हेमा ने धर्मेंद्र के निधन के तीन दिन बाद पहली बार सोशल मीडिया पर अपने दुख का इजहार किया। उन्होंने अभिनेता को अपना सब कुछ बताते हुए कहा कि उनके बिना जीवन शून्य है।
उन्होंने लिखा, "वह मेरे लिए बहुत कुछ थे, एक प्यारे पति, हमारी बेटियों ईशा और अहाना के लाड़ले पिता, दोस्त और मेरे लिए सब कुछ।"
एक्ट्रेस ने पोस्ट में धर्मेंद्र के करियर और हिंदी सिनेमा में उनके योगदान को भी याद किया। उनके फैंस भी उन्हें हिम्मत देने के लिए कमेंट कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, "मजबूत रहिए मैम, धरम जी आपके साथ हैं और हमेशा आपका मार्गदर्शन किसी न किसी तरह करते रहेंगे।"
एक अन्य यूजर ने कहा, "हेमा जी, जितनी यादें आपके दिल में हैं उन्हें खुलकर शेयर कीजिए। आपकी भावनाएं पूरी तरह से जायज हैं।"
.png)