हेमा मालिनी के जन्मदिन पर सायरा बानो ने साझा कीं पुरानी यादें और मजेदार किस्से
सायरा बानो का हेमा मालिनी के लिए खास संदेश
मुंबई, 16 अक्टूबर। हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में सायरा बानो और हेमा मालिनी की दोस्ती का इतिहास काफी पुराना है। दोनों ने अपने-अपने समय में दर्शकों के दिलों में एक विशेष स्थान बनाया है और पर्दे के पीछे भी एक-दूसरे के साथ कई यादगार लम्हे बिताए हैं। हेमा के जन्मदिन के अवसर पर, सायरा ने सोशल मीडिया पर उनके साथ कुछ तस्वीरें साझा कीं और पुरानी यादों को ताजा किया।
सायरा ने तस्वीरों के साथ एक भावुक संदेश लिखा, जिसमें उन्होंने हेमा को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, ''जब मैं आपके लिए यह बर्थडे नोट लिखने बैठी हूं, तो मेरा दिल उन खूबसूरत सालों की यादों से भर गया है, जो हमने साथ बिताए हैं। इस साल मैं धर्म जी के बारे में भी सोच रही हूं, जो आपकी जिंदगी के कई खूबसूरत पलों का एक अहम हिस्सा रहे हैं।''
दूसरी तस्वीर में सायरा, रेखा और हेमा एक साथ नजर आ रही हैं। उन्होंने बताया कि तीनों के बीच हमेशा एक खास रिश्ता रहा है। सायरा ने कहा, ''हम तीनों, हेमा, रेखा और मैंने हमेशा एक खास रिश्ता साझा किया है। बेशक, उम्र के लिहाज से मैं हम तीनों में सबसे बड़ी हूं!''
उन्होंने आगे कहा, ''हेमा ने 1968 में 'सपनों का सौदागर' से हिंदी फिल्मों में कदम रखा और इसके बाद 1970 में रेखा ने 'सावन भादों' से शुरुआत की। 70 के दशक में हम अक्सर फिल्मी समारोहों में मिलते थे।''
सायरा ने एक मजेदार किस्सा साझा करते हुए कहा, ''हमारी दिलचस्पी एक्सरसाइज में भी काफी थी। हम तीनों फिटनेस और योग को लेकर काफी सक्रिय थीं। एक बार हेमा और मैंने कंधों को चौड़ा करने वाली एक्सरसाइज मशीन आजमाई थी। हम इतने उत्साहित थे कि सचमुच हमारे कंधे फूल गए।''
उन्होंने एक और मजेदार घटना का जिक्र किया, जब हेमा उनके घर आई थीं और एक अंकल दरवाजे से टकरा गए थे। सायरा ने कहा, ''हेमा इतनी जोर से हंसने लगीं कि जल्द ही हम सब भी उनके साथ हंसने लगे।''
अपने अंतिम संदेश में, सायरा ने हेमा के लिए प्यार और दुआएं भेजीं। उन्होंने लिखा, ''आपका जन्मदिन थोड़ा अलग महसूस हो सकता है, लेकिन मुझे उम्मीद है कि आप अपने आसपास मौजूद लोगों के प्यार से सुकून पाएंगी।''
.png)