हरियाणवी संगीत की दुनिया को लगा बड़ा झटका: पेप्सी शर्मा का निधन
पेप्सी शर्मा का निधन: संगीत जगत में शोक की लहर
नई दिल्ली, 8 जून। हरियाणवी लोक संगीत के क्षेत्र से एक दुखद समाचार आया है। प्रसिद्ध रागिनी गायक पेप्सी शर्मा का निधन हो गया है। उन्हें सीने में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर ने परिवार, प्रशंसकों और संगीत जगत में शोक की लहर दौड़ा दी है।
पेप्सी शर्मा के निधन पर राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) ने गहरा दुख व्यक्त किया है। पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर उनकी तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि पेप्सी शर्मा ने अपनी रागिनियों के माध्यम से लोगों के दिलों में एक खास स्थान बनाया था। उन्होंने उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त की और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
पार्टी ने कहा, "प्रसिद्ध गायक पेप्सी शर्मा के निधन की खबर अत्यंत दुखद है। राष्ट्रीय लोक दल परिवार की ओर से उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि और उनके परिजनों-प्रशंसकों के प्रति इस कठिन समय में संवेदनाएं।"
पेप्सी शर्मा अपने शक्तिशाली स्वर और ऊर्जावान मंच प्रस्तुतियों के लिए हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर में बेहद लोकप्रिय थे। उनका असली नाम यशपाल शर्मा था और वे अमरोहा जिले के पतला गांव के निवासी थे।
पेप्सी शर्मा ने रागिनी गायन के माध्यम से अपनी एक अलग पहचान बनाई और दर्शकों के दिलों में एक विशेष स्थान हासिल किया। उनका सबसे प्रसिद्ध गाना 'पतला दुपट्टा तेरा मुंह दिखे' आज भी लोगों की जुबान पर है। इसके अलावा, उन्होंने 'गोरी रानी', 'तू जा बंदी ब्याहली', 'तेरे जीजा से तंग आली' जैसे कई हिट रागिनियां गाईं।
पेप्सी शर्मा केवल गायक ही नहीं, बल्कि एक संगीतकार और गीतकार भी थे। उनकी प्रस्तुतियां हमेशा दर्शकों के मन में बसी रहती थीं। डांसर और कलाकार सपना चौधरी के साथ उनकी जोड़ी को दर्शकों ने खूब सराहा। दोनों ने कई कार्यक्रमों में साथ मंच साझा किया और हरियाणा-यूपी के आयोजनों में उनकी जोड़ी को बहुत पसंद किया गया।
.png)