सोनू निगम का नया गाना 'चुन्नी': हरियाणवी संगीत में रोमांस और मस्ती का अनोखा संगम!
सोनू निगम का हरियाणवी संगीत में कदम
मुंबई, 7 अगस्त। तीन दशकों से अधिक समय से संगीत की दुनिया में अपनी आवाज का जादू बिखेरने वाले प्रसिद्ध गायक सोनू निगम ने हिंदी-हरियाणवी संगीत में कदम रखा है। उनका नया गाना 'चुन्नी' हाल ही में रिलीज हुआ है, जिसमें रोमांस, मस्ती और हरियाणवी संस्कृति की झलक देखने को मिलती है।
सोनू निगम ने इस गाने के बारे में कहा, ''संगीत सिर्फ मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि यह विभिन्न संस्कृतियों और भावनाओं को जोड़ने का एक अद्भुत माध्यम है। 'चुन्नी' एक ऐसा ट्रैक है, जिसमें मधुर धुन, रोमांटिक बोल और जोशीले संगीत का बेहतरीन मिश्रण है। इस गाने की सबसे बड़ी विशेषता इसकी ऊर्जा है, जो श्रोताओं को अपने साथ जोड़ लेती है। मुझे इसके बीट्स और चंचलता बहुत पसंद आई।''
उन्होंने आगे कहा, ''यह सिर्फ शुरुआत है, और भविष्य में श्रोताओं को इस तरह के और भी दिलचस्प संगीत सुनने को मिलेंगे। कलाकारों को हमेशा प्रयोग करते रहना चाहिए, जिससे संगीत की दुनिया समृद्ध होती है और नए श्रोताओं तक पहुंचने का अवसर मिलता है।''
'चुन्नी' को सोनू निगम के म्यूजिक लेबल 'आई बिलीव म्यूजिक' के तहत वार्नर म्यूजिक इंडिया और ग्लोबल म्यूजिक जंक्शन के सहयोग से लॉन्च किया गया है। इस गाने में आधुनिक संगीत के साथ हरियाणवी लोक संगीत का भी समावेश है।
इस अवसर पर डिजिटल मनोरंजन और प्रौद्योगिकी कंपनी जेटसिंथेसिस के चेयरमैन राजन नवानी ने कहा, '''चुन्नी' केवल एक गाना नहीं है, बल्कि यह भारत की समृद्ध क्षेत्रीय संगीत परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का उत्सव है। ग्लोबल म्यूजिक जंक्शन ऐसे प्रयास कर रहा है, जिससे क्षेत्रीय कलाकारों को देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल सके। भारत के विभिन्न राज्यों का संगीत अपनी अलग पहचान रखता है, लेकिन इसे बड़े मंच पर लाने के लिए मजबूत सहयोग की आवश्यकता होती है।''
उन्होंने कहा, ''सोनू निगम जैसे बड़े कलाकार के साथ यह साझेदारी एक महत्वपूर्ण कदम है। मुझे विश्वास है कि यह गाना हरियाणवी संगीत को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा और दुनिया भर के श्रोताओं को इस संस्कृति से जोड़ने में मदद करेगा।''
ग्लोबल म्यूजिक जंक्शन के सीईओ राजकुमार सिंह ने कहा, ''हमारा उद्देश्य हमेशा से भारत के क्षेत्रीय संगीत को वैश्विक पहचान दिलाना रहा है। समय के साथ क्षेत्रीय संगीत की लोकप्रियता बढ़ी है और लोग अपनी मातृभाषा और लोक संस्कृति से जुड़े गीतों को पहले से कहीं अधिक पसंद कर रहे हैं। 'चुन्नी' इसी सोच का विस्तार है। इस गाने में सोनू निगम और हरियाणवी गायिका रेणुका पंवार को साथ लाया गया है, जिससे मुख्यधारा और क्षेत्रीय संगीत का खूबसूरत मेल देखने को मिलता है।''
.png)