सुहैल नायर ने ऋषि और रणबीर कपूर के साथ काम करने के अनुभव साझा किए
सुहैल नायर की फिल्म 'उड़ता तीर' का प्रमोशन
मुंबई, 6 अक्टूबर। अभिनेता सुहैल नायर इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'उड़ता तीर' के प्रमोशन में व्यस्त हैं। इस फिल्म की रिलीज से पहले, उन्होंने अपने करियर के कुछ महत्वपूर्ण अनुभव साझा किए।
एक इंटरव्यू में, सुहैल ने दिवंगत अभिनेता ऋषि कपूर के साथ काम करने और उनके बेटे रणबीर कपूर के साथ स्क्रीन साझा करने के अपने अनुभवों के बारे में बताया।
उन्होंने कहा कि पिता और बेटे दोनों के काम करने का तरीका और सेट पर उनका व्यवहार काफी भिन्न है।
सुहैल ने कहा, 'मैंने ऋषि कपूर के साथ 'शर्माजी नमकीन' में काम किया और अब रणबीर कपूर के साथ 'रामायण: पार्ट 2' में काम कर रहा हूं। दोनों के साथ काम करने का अनुभव अलग था।'
फिल्म 'शर्माजी नमकीन' में ऋषि कपूर ने मुख्य किरदार निभाया था, लेकिन 2020 में उनके निधन के बाद, अभिनेता परेश रावल ने उनकी भूमिका को पूरा किया। इस कारण फिल्म में एक ही किरदार को दो अलग-अलग कलाकारों ने निभाया।
सुहैल ने इस अनुभव को याद करते हुए कहा, 'मैंने एक ही सीन पहले ऋषि कपूर के साथ किया और फिर वही सीन परेश रावल के साथ भी शूट किया। मेरा किरदार शर्मा जी के बेटे का था, इसलिए मेरी प्रतिक्रिया सामने मौजूद अभिनेता के अनुसार बदलती थी।'
उन्होंने आगे कहा, 'दोनों कलाकारों के साथ एक ही सीन करने में मुझे कोई परेशानी नहीं हुई। यह मेरे लिए सीखने का एक अद्भुत अनुभव था। मुझे खुशी है कि मैं इस तरह की फिल्म का हिस्सा बना।'
जब सुहैल से पूछा गया कि क्या उन्हें ऋषि और रणबीर कपूर के काम करने के तरीकों में कोई समानता दिखती है, तो उन्होंने कहा, 'दोनों काफी अलग हैं। उम्र और अनुभव के कारण, मेरा दोनों के साथ काम करने का अनुभव भिन्न रहा। रणबीर के साथ जो बॉंडिंग थी, वह ऋषि कपूर के साथ संभव नहीं थी। वह काफी मैच्योर थे और उनके अनुभव सुनना मेरे लिए एक विशेष सीख थी।'
.png)