Movie prime

सुनील शेट्टी ने 'सनकी' फिल्म के लिए मध्य प्रदेश सरकार का किया धन्यवाद

बॉलीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी ने अपने बेटे अहान शेट्टी की आगामी फिल्म 'सनकी' की शूटिंग में सहयोग देने के लिए मध्य प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ अपनी तस्वीर साझा की और भोपाल से जुड़ी यादों को साझा किया। फिल्म की शूटिंग 30 अक्टूबर को शुरू हुई थी और इसे टीनू सुरेश देसाई निर्देशित कर रहे हैं। फिल्म में रोमांस और एक्शन का मिश्रण देखने को मिलेगा। जानें इस फिल्म के बारे में और क्या खास है।
 

सुनील शेट्टी का आभार

मुंबई, 27 नवंबर। बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता सुनील शेट्टी ने अपने बेटे अहान शेट्टी की आगामी फिल्म 'सनकी' की शूटिंग में मदद के लिए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उनकी सरकार का आभार व्यक्त किया है।


सुनील ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुख्यमंत्री के साथ अपनी एक तस्वीर साझा की और भोपाल से जुड़ी कुछ यादों को भी साझा किया। उन्होंने मुख्यमंत्री के साथ-साथ प्रबल प्रताप सिंह तोमर का भी विशेष धन्यवाद किया।


उन्होंने एक्स पर लिखा, 'आप और मध्य प्रदेश सरकार जिस तरह से अहान की फिल्म 'सनकी' की शूटिंग में सहयोग कर रहे हैं, उसके लिए दिल से धन्यवाद।'


सुनील ने आगे कहा, 'प्रबल प्रताप सिंह तोमर का भी खास तौर पर धन्यवाद। इस बार भी मैं भोपाल से ढेर सारा प्यार और खूबसूरत यादें लेकर लौट रहा हूं।'


दरअसल, अहान शेट्टी की एक्शन ड्रामा फिल्म 'सनकी' की शूटिंग 30 अक्टूबर को भोपाल में शुरू हुई थी। इस फिल्म के निर्देशक टीनू सुरेश देसाई हैं, जो पहले 'रुस्तम' और 'मिशन रानीगंज' जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं। शूटिंग शुरू होने से पहले, निर्देशक अपनी टीम के साथ भोपाल पहुंचकर तैयारियों में जुट गए थे।


फिल्म की कहानी ज्ञानेंद्र वासुदेव ने लिखी है, जिसमें रोमांस, गहरे इमोशंस और जबरदस्त एक्शन देखने को मिलेगा। हालांकि, मेकर्स ने अभी तक फिल्म की कहानी के बारे में ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है। आने वाले महीनों में इससे जुड़ी और जानकारियां सामने आने की उम्मीद है।


फिल्म के टाइटल 'सनकी' को लेकर पहले भी चर्चा हुई थी। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस नाम को निर्माता साजिद नाडियाडवाला ने अपनी एक अलग फिल्म के लिए रजिस्टर कराया था। उस प्रोजेक्ट से एक समय अहान शेट्टी का नाम भी जुड़ा था। बाद में जब अहान ने इसी टाइटल का इस्तेमाल करने में रुचि दिखाई, तो उन्होंने सीधे साजिद नाडियाडवाला से संपर्क किया।


बताया जाता है कि दोनों के बीच बातचीत के बाद यह मामला आपसी सहमति से सुलझ गया। साजिद ने बिना किसी लंबी बातचीत या खींचतान के यह टाइटल अहान को दे दिया।


फिल्म की पटकथा रजत अरोड़ा ने लिखी है और अदनान ए. शेख तथा यासिर जाह इस फिल्म के निर्देशन में कदम रख रहे हैं। फिल्म का निर्माण वी द पीपल, रोरिंग रिवर प्रोडक्शंस और पाल्स एंड पीयर्स एंटरटेनमेंट के बैनर तले हो रहा है।


'सनकी' 2027 की पहली छमाही में सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।


OTT